सावधान : एंड्रॉयड मैलवेयर ‘ब्लैक रॉक’ चुरा सकता है आपका बैंकिंग डाटा

देश की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने एक एंड्रॉयड मैलवेयर ‘ब्लैक रॉक’ के खिलाफ चेतावनी जारी की है। इस मैलवेयर में बैंकिंग और यूजर के अन्य गोपनीय डेटा को चोरी करने की क्षमता है।
भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) ने एक एडवाइजरी करते हुए कहा है कि यह मैलवेयर, ईमेल, ई-कॉमर्स एप, सोशल मीडिया एप के अलावा 300 से अधिक ऐप से पासवर्ड और क्रेडिट कार्ड संबंधी संवेदनशील जानकारी चुराने में सक्षम है।
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तहत काम करने वाला सूचना प्रौद्योगिकी सुरक्षा संगठन सीईआरटी-इन ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि यह ’ट्रोजन’ श्रेणी के वायरस के हमलों का अभियान वैश्विक स्तर पर सक्रिय है।
यह मैलवेयर दूसरे बैंकिंग ट्रोजन की तरह ही काम करता है, हालांकि इसकी खास बात है कि यह ज्यादा से ज्यादा एप्स को टारगेट कर सकता है। यह ना सिर्फ यूजर्स का लॉगिन क्रेडेंशियल (यूजरनेम और पासवर्ड) चुराता है, बल्कि उन्हें पेमेंट कार्ड की जानकारी डालने के लिए भी उकसाता है।
‘ब्लैक रॉक’ मैलवेयर इस साल मई में सामने आया था। हैकर्स 337 एंड्रॉयड एप्स के जरिए यूजर्स को अपना शिकार बना रहे हैं, जिनमें यह मैलवेयर मौजूद है।