स्मार्टफोन यूजर्स के लिए यूट्यूब का ऑटोप्ले फीचर जल्द

स्मार्टफोन के लिए यूट्यूब पर गूगल जल्दी ही एक ऐसा फीचर ला रहा है जिसके लिए लोग उसे काफी नापसंद करते रहे हैं। जब आप एक वीडियो देख लेंगे तो दूसरा वीडियो अपने आप ही चलने लगेगा।
अब तक ये फ़ीचर सिर्फ़ डेस्कटॉप पर था और लोगों के बीच इस फ़ीचर को लेकर काफ़ी नारज़गी रही है क्योंकि ये आपके डेटा का इस्तेमाल करता है।
ये वीडियो आपके पसंद के नहीं होते हैं और गूगल के सॉफ़्टवेयर के ज़रिये इन्हें चुना जाता है।
जब मोबाइल पर ये फ़ीचर तैयार हो जाएगा तो जो वीडियो आप देख रहे हैं उसके ख़त्म होने के बाद ये वीडियो अपने आप ही चलने लगेंगे।
लेकिन ख़ैरियत है कि डिसएबल करने का भी फ़ीचर उसमे होगा और ये करना डेस्कटॉप से आसान होगा।
इस तरह बंद होगा ऑटोप्ले वीडियो

स्मार्टफ़ोन के लिए आपको जहां पर 'सब्सक्राइब' लिखा दिखाई देगा उसके साथ में आपको इसे डिसएबल करने के लिए बटन दिखाई दे जाएगा।
एक बार आपने उसे डिसएबल कर दिया उसके बाद ये हमेशा के लिए वैसा ही रहेगा। डेस्कटॉप वर्जन पर इसे बार बार डिसएबल करना पड़ता है।
डेस्कटॉप या लैपटॉप पर अगर आप यूट्यूब वीडियो देख रहे हैं तो हर बार आपको टॉगल स्विच इस्तेमाल करके ऑटोप्ले को ऑफ़ करना पड़ता है।
अगर आपने उसे ऑफ़ नहीं किया और अपने ब्राउज़र का विंडो बंद नहीं किया तो एक के बाद एक वीडियो चलते रहेंगे और वो नुक़सान आपके डेटा प्लान के खाते में जाएगा।
ये फ़ीचर गूगल इसीलिए देना चाहता है ताकि आप ज़्यादा से ज़्यादा मोबाइल वीडियो देखें। मोबाइल पर वीडियो देखने का चलन काफ़ी तेज़ी से बढ़ रहा है क्योंकि कई जगहों पर मनोरंजन का वो एकमात्र साधन है।
दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफ़र्म के लिए नए ग्राहक ढूंढने का ये सुनहरा मौक़ा है।