दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी एनवीडिया: मार्केट वैल्यू 5 ट्रिलियन डॉलर के पार, एपल दे रही कड़ी टक्कर

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 30 Aug 2026 10:36 AM IST
सार

दुनिया की सबसे मुल्यवान कंपनी बनने के लिए एपल और एनवीडिया में जबरदस्त होड़ है। एक तरफ डेटा सेंटर्स में इस्तेमाल होने वाली NVIDIA अपने पावरफुल एआई चिप की बदौलत एआई की रेस में मजबूती से खड़ी है, तो दूसरी तरफ एपल के 200 करोड़ यूजर्स कंपनी को एक बड़े मार्केट का नेतृत्व देते हैं। जानिए इस मुकाबले में आखिर कौन बाजी मारेगा।

विज्ञापन
apple vs nvidia market value ai chips who will lead ai market debate
एनवीडिया और एपल में बढ़ा मुकाबला - फोटो : X

    विस्तार

    टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सबसे मुल्यवान कंपनी बनने की होड़ ने आज एपल और एनवीडिया को आमने-सामने ला खड़ा कर दिया है। एक तरफ सेमीकंडक्टर जगत की नई महाशक्ति NVIDIA है, तो दूसरी तरफ दशकों से प्रीमियम हार्डवेयर और सेवाओं का बेताज बादशाह एपल। दोनों कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन (मार्केट वैल्यू) 4.5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच चुका है, जिससे निवेशकों के बीच यह बहस तेज हो गई है कि आने वाले दशकों में तकनीकी दुनिया का असली नेतृत्व किसके हाथों में होगा।

    डेटा सेंटर्स की रीढ़ बनी NVIDIA की चिप्स

    NVIDIA ने खुद को मौजूदा एआई क्रांति के इंजन के रूप में स्थापित किया है। जनरेटिव एआई मॉडल और विशाल डेटा सेंटरों को में लगने वाले ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) बाजार के 80 से 90 प्रतिशत हिस्से पर इसी का कब्जा है। दुनिया की दिग्गज कंपनियां जैसे माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, गूगल और अमेजन अत्याधुनिक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए अरबों डॉलर झोंक रही हैं। हालांकि, इन सभी का रास्ता NVIDIA के दरवाजे से होकर गुजरता है। इसी भारी मांग के दम पर कंपनी का सालाना राजस्व 200 अरब डॉलर के आंकड़े को छूने की दिशा में है और इसकी हालिया विकास दर 50 फीसदी से भी ऊपर दर्ज की गई है।

    विज्ञापन

    एपल की ताकत है विशाल उपभोक्ता बाजार

    दूसरी तरफ, एपल की रणनीति हार्डवेयर की गहराई और उसके विशाल उपभोक्ता नेटवर्क पर टिकी है। करीब 400 अरब डॉलर के सालाना राजस्व वाली यह कंपनी दुनिया भर में 200 करोड़ से अधिक सक्रिय डिवाइसेज का संचालन करती है। भले ही बाजार विश्लेषकों ने एआई को अपनाने की रफ्तार में एपल को थोड़ा धीमा आंका हो, लेकिन आईफोन, एप स्टोर, आईक्लाउड और अन्य डिजिटल सेवाओं की मजबूत मांग ने इसके वित्तीय आधार को अडिग बनाए रखा है। एपल का मानना है कि तकनीक चाहे जितनी भी जटिल हो, उसका वास्तविक मूल्य तभी निकलता है जब वह आम इंसान की जेब और दिनचर्या का सहज हिस्सा बन जाए।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    एआई के दौर में चुनौतियां और जोखिम का बदलता समीकरण

    इस तकनीकी दौड़ में दोनों ही दिग्गजों के सामने अपनी-अपनी चुनौतियां हैं। NVIDIA का मौजूदा मूल्यांकन इस धारणा पर टिका है कि क्लाउड और टेक कंपनियां डेटा सेंटरों पर इसी आक्रामकता के साथ खर्च जारी रखेंगी। यदि टेक कंपनियों के पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) में जरा भी सुस्ती आई या एआई से मिलने वाले रिटर्न पर सवाल उठे, तो NVIDIA की आमदनी पर सीधा असर पड़ सकता है।

    दूसरी ओर, एपल के लिए चुनौती यह साबित करने की है कि वह अपने प्रीमियम डिवाइसेज में एआई फीचर्स को कितनी सहजता और उपयोगिता के साथ पेश करता है, ताकि उपभोक्ता नए मॉडल खरीदने के लिए प्रेरित होते रहें।

    असली बाजी किसके हाथ?

    टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मुकाबला सिर्फ दो कंपनियों के शेयर भाव का नहीं, बल्कि दो अलग-अलग व्यापारिक विचारधाराओं का है। एक तरफ वह ताकत है जो बुनियादी तकनीक और कंप्यूटिंग पावर का निर्माण कर रही है, तो दूसरी तरफ वह मंच है जो उस तकनीक को अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचाकर उसे रोजमर्रा की आदत में बदलने की क्षमता रखता है। एआई से पैदा होने वाले सबसे बड़े आर्थिक लाभ का हिस्सा उस कंपनी के पास जाएगा जो एआई को चलाने वाली तकनीक बनाती है या उस कंपनी के पास जो उसे दुनिया के सबसे बड़े उपभोक्ता बाजार तक पहुंचाती है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें