नेटफ्लिक्स के लिए मुसीबत बन सकता है Apple TV+, ये हैं कारण

एपल ने हाल ही में अपने तीन आईफोन के साथ Apple TV+ को पेश किया है। एपल टीवी प्लस एक सब्सक्रिप्शन आधारित ऑनलाइन टीवी है। Apple TV+ भारत में पैठ बना चुके नेटफ्लिक्स के लिए मुसीबत बन सकता है, हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि एपल नेटफ्लिक्स से आगे निकल जाएगा।
दरअसल iPhone 11, iPhone 11 Pro और iPhone 11 Pro Max की लॉन्चिंग के दौरान एपल ने कहा है कि कंपनी के किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने पर एक साल के लिए Apple TV+ की सब्सक्रिप्शन फ्री मिलेगी।
यानी चाहे आप आईफोन खरीदें, मैकबुक खरीदें, आईपैड खरीदें या फिर आईपॉड खरीदें, सभी के साथ आपको Apple TV+ का 12 महीने के लिए सब्सक्रिप्शन फ्री में मिलेगा। वहीं फ्री सेवा के बाद आपको हर महीने 99 रुपये देने होंगे।
अगले 12 महीने में 130 मिलियन यानी 13 करोड़ आईफोन बिकने की उम्मीद है। ऐसे में इन सभी यानी 13 करोड़ लोगों को Apple TV+ का फ्री सब्सक्रिप्शन मिलेगा। ऐसे में एक झटके में कंपनी 13 करोड़ लोगों को Apple TV+ का सब्सक्राइबर बना लेगी।
ये भी पढ़ेंः Apple Watch Series 5: मिलेगी ऑलवेज ऑन डिस्प्ले, शुरुआती कीमत 40,900 रुपये
एपल ने अपने टीवी प्लस पर वीडियो स्ट्रिमिंग के लिए हॉलीवुड की कई हस्तियों से साझेदारी की है। जानकारों का कहना है कि एपल साल 2019 में करीब 14,300 करोड़ रुपये एपल टीवी प्लस पर खर्च करने वाला है। वहीं ज्यादा सब्सक्राइबर जुटाने के लिए कंपनी ने सिर्फ 99 रुपये का सब्सक्रिप्शन रखा है।ये भी पढ़ेंः Apple Arcade: 99 रुपये प्रति माह में मिलेगा अनलिमिटेड गेमिंग का मजा
बता दें कि ऑनलाइन वीडियो स्ट्रिमिंग सर्विस काफी तेजी से बढ़ रही है। भारत में जहां पहले से ही हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो जैसे एप्स लोकप्रिय हैं, वहीं हाल ही में फ्लिपकार्ट ने भी अपनी वीडियो स्ट्रिमिंग सेवा लॉन्च की है जो कि फिलहाल केवल एंड्रॉयड मोबाइल एप पर उपलब्ध है।