16 साल के लड़के ने एप्पल का सर्वर किया हैक, करना चाहता है कंपनी के साथ काम

वैसे तो माना जाता है कि टेक्नोलॉजी की कंपनी एप्पल का सर्वर काफी सुरक्षित है, लेकिन एक 16 साल के बच्चे ने एप्पल के सर्वर को हैक कर लिया है और एप्पल के ग्राहकों के 90 जीबी डाटा चोरी कर लिया है। खास बात यह है कि बड़े-बड़े और मशहूर हैकर्स भी एप्पल के सर्वर को हैक करने की कोशिश कर चुके हैं और नाकाम हो चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आस्ट्रेलिया के एक 16 साल के बच्चे ने एप्पल के सर्वर को हैक किया था। हैकिंग के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने वीपीएन का इस्तेमाल किया। हालांकि एप्पल ने उसके लैपटॉप के सीरियल नंबर की पहचान कर ली है। इसके बाद पुलिस ने एप्पल के दो लैपटॉप, हार्ड ड्राइव और मोबाइल बरामद किए हैं। नाबालिग होने के कारण बच्चे के नाम को उजागर नहीं किया जा रहा है।
यहां गौर करने वाली बात यह है कि बच्चे ने सर्वर से डाटा चोरी करने के बाद फाइल को हैक, हैक, हैक नाम से सर्वर पर एक फोल्डर भी बनाया और डाटा को रीस्टोर भी कर दिया। हैक करने के बाद उसने कुछ कीज भी निकाले और यूजर्स का लॉगिन व पासवर्ड भी देखे। हलांकि अभी यह साफ नहीं है कि उसने किस-किस प्रकार के डाटा चारी किए।
बच्चे ने सर्वर को हैक करके स्क्रीनशॉट को अपने दोस्तों के साथ व्हाट्सएप पर शेयर भी किया है। वहीं पुलिस ने उस सॉफ्टवेयर का भी पता लगा लिया है जिसके जरिए उसने एप्पल के सर्वर को हैक किया है।
वहीं बच्चे के वकील ने कहा है कि वह एप्पल का बहुत बड़ा फैन है और कंपनी में काम करना चाहता है। हालांकि एप्पल इस मामले को सनसनी बनने देना नहीं चाहता है और अभी तक कोई बयान भी नहीं दिया है। फिलहाल बच्चे को कोर्ट ने दोषी करार दिया है, हालांकि सजा का अभी ऐलान नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में एप्पल दुनिया की पहली एक लाख करोड़ डॉलर (लगभग 68,620 अरब रुपये) की कंपनी बन गई है। अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे आने के बाद कंपनी के शेयर 2.8 फीसदी चढ़कर 207.05 डॉलर पहुंच गए।