iPhone की कम बिक्री के बावजूद भारत में हुई Apple की रिकॉर्ड कमाई

प्रौद्योगिकी कंपनी एपल इंडिया का राजस्व सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड 64.7 अरब डॉलर रहा। कंपनी ने इस दौरान भारत समेत विभिन्न बाजारों में मजबूत प्रदर्शन किया। एपल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने परिणाम जारी करते हुए कहा, 'भौगोलिक क्षेत्र के लिहाज से हमने अमेरिका, यूरोप और पूरे एशिया प्रशांत में सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। हमने भारत में भी सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। भारत में हमारे ऑनलाइन स्टोर की इस तिमाही में हुई शुरुआत को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली।'
बता दें कि एपल ने सितंबर तिमाही में भारत में अपने पहले ऑनलाइन स्टोर की शुरुआत की थी। भारत में प्रीमियम श्रेणी में एपल की प्रतिस्पर्धा सैमसंग और वनप्लस जैसी कंपनियों के साथ है। कंपनी आक्रामक तरीके से भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है।
एपल ने विस्ट्रॉन और फॉक्सकॉन जैसे भागीदारों के साथ मिलकर हाल ही में भारत में आईफोन-11 को असेंबल करना शुरू किया है। शोध कंपनी कैनेलिस के अनुसार, भारत पर नए सिरे से ध्यान देने से सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी की बिक्री 10 प्रतिशत से अधिक दर से बढ़कर करीब आठ लाख इकाई रही।
एपल के नए आईफोन 12 सीरीज की बिक्री भारत में शुरू हो गई है। आईफोन 12 सीरीज को एपल के ऑनलाइन स्टोर के अलावा तमाम ऑफलाइन स्टोर से भी खरीदा जा सकता है। आईफोन 12 सीरीज में सबसे छोटा और सस्ता मॉडल आईफोन 12 मिनी है।