2027 में नए अवतार में आएंगे एपल के तीन आईपैड: एयर, बेस मॉडल और प्रो में क्या मिलेगा खास? जानें संभावित डिटेल्स
एपल साल 2027 की पहली छमाही में अपनी टैबलेट लाइनअप को नए फीचर्स के साथ अपडेट करने की तैयारी में है। कंपनी इस दौरान तीन नए आईपैड मॉडल पेश कर सकती है। इनमें OLED डिस्प्ले और एम5 चिप वाला नया आईपैड एयर, A19 चिप और 8GB रैम के साथ एपल इंटेलिजेंस सपोर्ट करने वाला एंट्री-लेवल आईपैड और एडवांस वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम वाला फ्लैगशिप आईपैड प्रो शामिल हो सकता है। इन तीनों मॉडल में अलग-अलग अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं, एपल के इन अपकमिंग आईपैड को लेकर अब तक क्या-क्या जानकारियां सामने आई हैं।

विस्तार
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की एक रिपोर्ट के अनुसार, एपल 2027 की पहली छमाही में अपने तीन आईपैड मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रहा है। इनमें नया आईपैड एयर, अपडेटेड बेस आईपैड और अगली पीढ़ी का आईपैड प्रो शामिल है। लीक्स के अनुसार, इस अपडेट की खात बात हो सकती है कि कंपनी अपने किफायती टैबलेट में भी ऐसे फीचर्स लाने की तैयारी कर रही है, जो अब तक महंगे मॉडल्स तक सीमित रहे हैं। नए आईपैड एयर में ओलेड डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जबकि बेस मॉडल को एपल इंटेलिजेंस सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, प्रीमियम आईपैड प्रो में बेहतर कूलिंग सिस्टम पर काम किया जा रहा है।
आईपैड एयर में क्या मिल सकता है खास?
- नए आईपैड एयर में सबसे बड़ा बदलाव इसकी डिस्प्ले को लेकर हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, एपल इस मिड-रेंज टैबलेट में OLED डिस्प्ले दे सकता है। इससे स्क्रीन की विजुअल क्वालिटी में सुधार देखने को मिल सकता है।
- हालांकि, ओलेड डिस्प्ले मिलने के बावजूद इसमें 60Hz का स्टैंडर्ड रिफ्रेश रेट ही रहने की उम्मीद है। यानी यूजर्स को ज्यादा रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन नहीं मिलेगी। इसके अलावा, इसमें फेस आईडी के बजाय पहले की तरह टच आईडी सेंसर दिया जा सकता है।
- प्रोसेसर की बात करें तो नया आईपैड एयर एम4 से अपग्रेड होकर एम5 चिप पर आ सकता है। इससे इसकी प्रोसेसिंग क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।
कितनी हो सकती है आईपैड एयर की कीमत?
- अपडेट के बाद अगर इसके कीमत की बात करें तो 11 इंच वाले बेस मॉडल का प्राइस में बढ़ोतरी होने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी कीमत 799 डॉलर से 899 डॉलर के बीच हो सकती है। ओलेड डिस्प्ले और नए प्रोसेसर को इस संभावित कीमत बढ़ोतरी की वजह माना जा रहा है।
- इसी के साथ एपल के सबसे किफायती आईपैड को भी 2027 में बड़ा हार्डवेयर अपडेट मिल सकता है। कंपनी 2025 की शुरुआत के बाद पहली बार इस मॉडल को अपडेट करने की तैयारी में है।
- रिपोर्ट के मुताबिक, नए बेस आईपैड में ए19 चिप और 8GB रैम दी जा सकती है। इस मेमोरी क्षमता के साथ एंट्री-लेवल आईपैड में एपल इंटेलीजेंस का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इससे यूजर्स कंपनी के एडवांस्ड सॉफ्टवेयर फीचर्स का इस्तेमाल कर सकेंगे।
नेटवर्किंग के लिए मिल सकती हैं एन1 और सी1एक्स चिप
- प्रोसेसर और मेमोरी के अलावा नए बेस आईपैड में नेटवर्किंग से जुड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। इसमें बेहतर नेटवर्किंग परफॉर्मेंस के लिए एन1 चिप और सी1एक्स मॉडेम दिए जाने की संभावना है।
- हालांकि, इस टैबलेट के डिस्प्ले या फिजिकल डिजाइन में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। एपल इसे कुछ नए कलर ऑप्शन के साथ पेश कर सकता है।
आईपैड प्रो में बेहतर कूलिंग के लिए मिलेगा वेपर चैंबर
- एपल के प्रीमियम टैबलेट आईपैड प्रो में इस बार सबसे ज्यादा ध्यान परफॉर्मेंस और हीट मैनेजमेंट पर दिया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, नए मॉडल में वेपर चैंबर दिया जाएगा।
- वेपर चैंबर एक खास तरह की कूलिंग तकनीक है, जिसका इस्तेमाल डिवाइस के अंदर पैदा होने वाली गर्मी को फैलाने और नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। इससे भारी काम के दौरान डिवाइस को ठंडा रखने में मदद मिल सकती है।
एम6 और एम7 चिप के साथ आ सकता है नया आईपैड
- नए आईपैड प्रो में अपडेटेड चिपसेट मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इसमें M6 चिप दी जाएगी या M7 सिलिकॉन का इस्तेमाल होगा। मौजूदा मॉडल की कीमत की बात करें तो 11-इंच आईपैड प्रो की शुरुआती कीमत 1,199 डॉलर है, जबकि 13-इंच मॉडल 1,499 डॉलर से शुरू होता है।
- रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 में नया मॉडल आने तक मौजूदा फ्लैगशिप iPad Pro को बाजार में आए करीब तीन साल हो चुके होंगे। इस दौरान इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में अगली पीढ़ी के मॉडल में कूलिंग सिस्टम और प्रोसेसर से जुड़े अपग्रेड अहम हो सकते हैं।
तीनों आईपैड में अलग-अलग होंगे बड़े बदलाव
- एपल की 2027 की तैयारी पर नजर डालें तो तीनों आईपैड मॉडल अलग-अलग तरह के अपग्रेड के साथ आ सकते हैं। आईपैड एयर में ओलेड डिस्प्ले और M5 चिप मिलने की उम्मीद है। बेस आईपैड को A19 चिप, 8GB रैम और एपल इंटेलिजेंस का सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, आईपैड प्रो में वेपर चैंबर और नया प्रोसेसर दिया जा सकता है।
- हालांकि, ये सभी जानकारियां रिपोर्ट पर आधारित हैं। एपल ने अभी तक इन तीनों आईपैड मॉडल के लॉन्च, फीचर्स या कीमत को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।