MacBook Ultra Launch: Apple 2027 की शुरुआत में लॉन्च कर सकता है 'मैकबुक अल्ट्रा', मिलेंगे ये 6 जबरदस्त फीचर्स
Apple MacBook Ultra:
एपल जल्द ही अपने लैपटॉप लाइनअप में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव कर सकता है। 2027 की शुरुआत में 'MacBook Ultra' लॉन्च हो सकता है। इसमें पहली बार OLED डिस्प्ले, टच-स्क्रीन, डायनामिक आइलैंड और दमदार M6 चिप्स जैसे 6 धांसू फीचर्स देखने को मिलेंगे। आइए जानते हैं इस प्रीमियम डिवाइस के बारे में सबकुछ।

विस्तार
ब्लूमबर्ग के टेक एनालिस्ट मार्क गुरमन की एक रिपोर्ट के अनुसार, Apple जल्द ही अपने हाई-एंड मैकबुक प्रो मॉडल्स को एक नए और शानदार डिजाइन के साथ पेश करने की तैयारी कर रहा है। खबर है कि कंपनी इसे 'MacBook Ultra' का नाम दे सकती है। यह नया लैपटॉप मौजूदा मैकबुक प्रो लाइनअप से भी ऊपर के सेगमेंट में आएगा और जाहिर तौर पर यह एक प्रीमियम डिवाइस होगा। Apple ने आखिरी बार 2021 में M1 Pro और M1 Max के दौरान मैकबुक प्रो का डिजाइन बदला था। ऐसे में 5 साल बाद होने वाले इस बड़े बदलाव का ग्राहकों को बेसब्री से इंतजार है। लॉन्च टाइमलाइन की बात करें तो ग्लोबल मेमोरी चिप (RAM) की कमी के चलते इसका लॉन्च 2026 के अंत की बजाय 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है। आइए जानते हैं वो 6 बड़े फीचर्स जो इस 'MacBook Ultra' को खास बनाएंगे:
1. शानदार OLED डिस्प्ले
अभी तक के मैकबुक प्रो मॉडल्स में मिनी-एलईडी बैकलिट वाली एलसीडी (LCD) स्क्रीन मिलती है। लेकिन मैकबुक अल्ट्रा Apple का पहला ऐसा लैपटॉप हो सकता है जिसमें OLED डिस्प्ले का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे आपको बेहतर पिक्चर क्वालिटी, शानदार कलर्स और बेहतरीन कंट्रास्ट के साथ 'ट्रू ब्लैक' रंग देखने को मिलेंगे।
2. टच स्क्रीन का सपोर्ट
शायद यह सबसे चौंकाने वाला बदलाव हो। अब तक के मैकबुक में टच स्क्रीन नहीं होती थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक मैकबुक अल्ट्रा की डिस्प्ले में टच कैपेबिलिटी मिल सकती है। इसका मतलब है कि आप कीबोर्ड और ट्रैकपैड के साथ-साथ अपनी उंगलियों से भी स्क्रीन को सीधे कंट्रोल कर सकेंगे।
3. आईफोन वाला डायनामिक आइलैंड
मैकबुक अल्ट्रा में स्क्रीन के ऊपर मौजूद पुराने नॉच की जगह होल-पंच कैमरा आ सकता है, जो डायनामिक आइलैंड के लिए रास्ता बनाएगा। आईफोन की तरह ही अब आपको मैकबुक की स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में लो बैटरी अलर्ट, एयरपॉड्स कनेक्टिविटी जैसे नोटिफिकेशन स्मार्ट तरीके से दिखाई देंगे। इससे लैपटॉप के बेजल्स और भी पतले हो जाएंगे।
4. दमदार M6 Pro और M6 Max चिप
मैकबुक अल्ट्रा की परफॉरमेंस को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने के लिए इसमें Apple के अपकमिंग M6 Pro और M6 Max प्रोसेसर का इस्तेमाल किया जाएगा। ये चिप TSMC की बेहद एडवांस 2nm तकनीक पर बने होंगे, जिससे पिछले जनरेशन के मुकाबले स्पीड और बैटरी लाइफ दोनों में जबरदस्त सुधार देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि मौजूदा M5 चिप 3nm तकनीक पर आधारित हैं।
5. पहले से ज्यादा पतला
OLED स्क्रीन के इस्तेमाल और अन्य बदलावों के चलते मैकबुक अल्ट्रा का डिजाइन मौजूदा मैकबुक प्रो के मुकाबले काफी स्लिम होगा। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि कंपनी इसे पतला बनाने के लिए HDMI, MagSafe या SD कार्ड जैसे जरूरी पोर्ट्स हटाएगी या नहीं।
6. इन-बिल्ट इंटरनेट
अभी मैकबुक में इंटरनेट चलाने के लिए वाई-फाई या फोन के हॉटस्पॉट पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple भविष्य के मैक में इन-बिल्ट सेल्युलर (5G/LTE) कनेक्टिविटी देने पर विचार कर रहा है। इसके लिए कंपनी अपने खुद के तैयार किए गए C1X या C2 मोडेम का इस्तेमाल कर सकती है।
नोट:
जो यूजर्स एंट्री-लेवल 14-इंच वाले मैकबुक प्रो (M6 चिप) का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें ध्यान देना चाहिए कि ऊपर बताए गए कई प्रीमियम फीचर्स शायद उस बेस मॉडल में देखने को न मिलें।