iPhone Pocket: लॉन्च होते ही ट्रोल होने लगा Apple का ये प्रोडक्ट, यूजर्स बोले- 'मोजे के लिए क्यों दें 20,000'

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 12 Nov 2025 07:19 PM IST
सार

Apple ने नया एक्सेसरी iPhone Pocket लॉन्च किया है, जिसका इंटरनेट पर जमकर मजाक बनाया जा रहा है। इस प्रोडक्ट को जापानी डिजाइन स्टूडियो Miyake Design Studio के साथ मिलकर तैयार किया गया है, लेकिन कई लोगों को इसका डिजाइन और कीमत दोनों पसंद नहीं आए।

apple iphone pocket launch price 20000 netizens troll as it looks like socks
इस प्रोडक्ट की हो रही जमकर ट्रोलिंग - फोटो : Apple

    विस्तार

    Apple हर साल नए iPhone लाॉन्च करने के साथ-साथ कई गैजेट्स और एक्सेसरीज भी लॉन्च करती है। हालांकि, इस बार कंपनी ने iPhone के लिए एक ऐसा एक्सेसरी लॉन्च कर दिया जिसके चलते कंपनी इंटरनेट पर ट्रोल होने लगी है। बता दें कि Apple ने हाल ही में नया iPhone Pocket लॉन्च किया है, जिसे लेकर इंटरनेट पर जमकर मजाक बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसके डिजाइन और कीमत दोनों ने यूजर्स को निराश कर दिया।

    नए iPhone Pocket पर बनने लगे मीम्स

    iPhone Pocket को लेकर कंपनी का कहना है कि यह प्रोडक्ट यूजर्स को अपने iPhone को स्टाइलिश और सुरक्षित तरीके से कैरी करने की सुविधा देगा। इसकी कीमत तकरीबन 20,000 रुपये ($229.95) तय की गई है। इसका डिजाइन मशहूर जापानी डिजाइन स्टूडियो Miyake Design Studio ने तैयार किया है, जिसे दिवंगत डिजाइनर Issey Miyake ने स्थापित किया था। ये वही डिजाइनर थे जिन्होंने एपल के फाउंडर Steve Jobs के लिए सिग्नेचर ब्लैक टर्टलनेक तैयार किए थे।

    iPhone Pocket
    iPhone Pocket - फोटो : Apple

    सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उड़ाया मजाक

    iPhone Pocket की लॉन्चिंग के बाद इंटरनेट पर हंसी और आलोचना दोनों की लहर दौड़ पड़ी। कुछ यूजर्स ने इसे "मोजे" जैसा दिखने प्रोडक्ट कहा, तो कुछ ने कंपनी की प्रीमियम प्राइस पॉलिसी पर तंज कसे।

    एक यूजर ने X पर लिखा, “उम्मीद है यह अगले साल आने वाले iPhone 18 के साथ भी कम्पैटिबल रहेगा। क्या इसके लिए AppleCare+ लेना पड़ेगा।” दूसरे यूजर ने कहा, “AI दुनिया बदल रहा है, दूसरी ओर Apple एक ओवरप्राइस्ड iPhone Pocket लॉन्च कर रहा है।” वहीं एक और यूजर ने लिखा कि अगर Steve Jobs जिंदा होते तो ऐसा कभी नहीं करते।

    यूजर्स को याद आई Apple की पुरानी ‘iPod Socks’

    लोगों ने Apple के पुराने एक्सेसरीज की भी याद दिलाई, जैसे कि Polishing Cloth, जिसकी कीमत अमेरिका में $19 (भारत में ₹1,800) है, जबकि यह एक साधारण माइक्रोफाइबर कपड़ा ही है। कई यूजर्स ने iPhone Pocket की तुलना iPod Socks से भी की, जिसे कभी Steve Jobs ने मजाक में लॉन्च किया था, लेकिन वह बाद में काफी लोकप्रिय हो गया था।