iPhone यूजर्स के लिए जरूरी अपडेट: Apple ने जारी किया iOS 26.6.1, करीब 30 सुरक्षा खामियां हुईं फिक्स
iOS 26.6.1 Release:
Apple ने iPhone, iPad और Mac के लिए नया सिक्योरिटी अपडेट जारी किया है। iOS 26.6.1 वर्जन में लगभग 30 बड़ी सुरक्षा खामियों को दूर किया गया है। डेटा को सुरक्षित रखने के लिए यूजर्स को इसे तुरंत इंस्टॉल करने की सख्त सलाह दी गई है।

विस्तार
दिग्गज टेक कंपनी Apple ने दुनिया भर के यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपने ऑपरेटिंग सिस्टम का एक नया और बेहद अहम अपडेट जारी कर दिया है। अगर आप भी iPhone, iPad या Mac का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको बिना देरी किए अपनी डिवाइस को अपडेट कर लेना चाहिए। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर iOS 26.6.1, iPadOS 26.6.1 और macOS Tahoe 26.6.2 को रोलआउट कर दिया है।एपल के सिक्योरिटी सपोर्ट डॉक्यूमेंट के मुताबिक, इस नए सॉफ्टवेयर अपडेट में लगभग 30 ऐसी सुरक्षा खामियों को दूर किया गया है, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स को भारी नुकसान पहुंचा सकते थे।
अपडेट 17 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि महज तीन हफ्तों के भीतर यह कंपनी का तीसरा सिक्योरिटी रिलीज है।
iOS 26.6.1: नए सिक्योरिटी अपडेट में खास?
- Apple का कहना है कि iOS 26.6.1 और iPadOS 26.6.1 में शामिल कुछ सुरक्षा सुधार पहले ही iOS 27 और iPadOS 27 के बीटा वर्जन में उपलब्ध कराए जा चुके थे। अब इन्हें मौजूदा iOS 26 सीरीज के यूजर्स के लिए भी जारी कर दिया गया है।
- इस अपडेट का फोकस नए फीचर जोड़ने के बजाय उन कमजोरियों को बंद करना है, जिनका इस्तेमाल हमलावर किसी डिवाइस या एप के व्यवहार को प्रभावित करने के लिए कर सकते थे।
ऑडियो और इमेज से जुड़ी कमजोरियां फिक्स
इस नए अपडेट में एक ऐसा ऑडियो बग फिक्स किया गया है, जिसके जरिए कोई ऐप यूजर की संवेदनशील जानकारी को आसानी से लीक कर सकता था। इसके अलावा इसमें इमेज से जुड़ी एक बड़ी खामी को भी ठीक किया गया है, जो डिवाइस में मनमाने ढंग से कोड को चलाने (आर्बिट्रेरी कोड एग्जीक्यूशन) की अनुमति दे सकती थी।
वेबकिट और कर्नल की खामियां भी हुईं ठीक
ऑपरेटिंग सिस्टम के कर्नेल से जुड़ी तीन कमजोरियों और वेबकिट के कई ऐसे बग्स को भी फिक्स किया गया है, जिनके कारण मेमोरी करप्शन या Safari ब्राउजर के क्रैश होने जैसी गंभीर समस्याएं आ रही थीं।
सुरक्षा रिपोर्ट में कुल 29 फिक्स का जिक्र किया गया है, जिनमें से 21 खामियां अकेले वेबकिट से जुड़ी हैं और 9 बग्स की पहचान ओपनएआई कोडेक्स सिक्योरिटी द्वारा की गई है।
टेलीफोनी में भी सुरक्षा सुधार
- इन सब के अलावा, iOS में टेलीफोनी से जुड़ा एक गंभीर बग भी मौजूद था, जिसे अब कंपनी ने पूरी तरह से ठीक कर लिया है। इस बग की वजह से कोई भी हमलावर एक खास नेटवर्क स्थिति में रहकर IPSec ऑथेंटिकेशन को चकमा दे सकता था और नेटवर्क ट्रैफिक को इंटरसेप्ट करके डेटा चुरा सकता था। एपल ने यह भी बताया कि इन सुरक्षा सुधारों में से कुछ पहले ही iOS 27 और iPadOS 27 के बीटा वर्जन में शामिल किए जा चुके हैं।
- हालांकि, एपल ने यह स्पष्ट किया है कि अभी तक इन खामियों का फायदा उठाकर किसी भी हैकिंग की घटना को अंजाम नहीं दिया गया है।
पुराने iPhone के लिए भी अपडेट
जो डिवाइस iOS 26 पर अपडेट नहीं हो सकते, उनके लिए एपल ने iOS 18.7.10 और iPad के लिए iPadOS 18.7.10 जारी किया है। यानी पुराने डिवाइसों को भी जरूरी सुरक्षा पैच मिल रहे हैं।
iOS 26.6.1 कैसे डाउनलोड करें?
- अपडेट करने के लिए iPhone में Settings > General > Software Update पर जाएं। यहां उपलब्ध अपडेट दिखाई देने पर उसे डाउनलोड और इंस्टॉल कर सकते हैं।
- ध्यान रहे कि iOS 26.6.1 में कोई बड़ा नया फीचर नहीं है। नए फीचर्स के लिए यूजर्स को iOS 27 का इंतजार करना होगा, जिसकी रिलीज आने वाले हफ्तों में होने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिहाज से iOS 26.6.1 को जल्द इंस्टॉल करना बेहतर रहेगा।
- काम की बात: Google Chrome में सेव पासवर्ड कैसे देखें? मोबाइल और कंप्यूटर पर मिनटों में ऐसे करें चेक
- Pova 8 Pro 5G: 6500mAh की दमदार बैटरी और पीछे चमकने वाली स्क्रीन के साथ लॉन्च हुआ फोन, जानें कीमत और फीचर्स
- US-China: कभी गूगल के चीन छोड़ने पर हंसा था माइक्रोसॉफ्ट, अब खुद समेट रहा अपना कारोबार, जानें अंदर की कहानी
- Smart Fan: आ गया कमाल का 'स्मार्ट पंखा', बिजली गुल होने पर भी नहीं होगा बंद, 10 घंटे तक देता रहेगा हवा