Apple: बड़े-बड़े वादे कर फंसी एपल, अब iPhone यूजर्स को बांटने पड़ेंगे करोड़ों रुपये, जानिए क्या हुई गलती?

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Wed, 06 May 2026 06:17 PM IST
सार

Apple Intelligence Lawsuit:

क्या आपने भी दमदार AI फीचर्स की उम्मीद में नया आईफोन (iPhone) खरीदा था? लेकिन एपल के बड़े-बड़े वादे लॉन्च के वक्त अधूरे निकले! अब कंपनी इस देरी के बदले 250 मिलियन डॉलर (करीब 2000 करोड़ रुपये) का हर्जाना भरने जा रही है। क्या आपको भी मिलेगा यह पैसा? जानिए पूरा मामला।

apple intelligence lawsuit settlement iphone users to get 250 million in compensation hindi
एपल को भरना होगा करोड़ों का हर्जाना - फोटो : X

    विस्तार

    टेक दिग्गज एपल (Apple Inc.) इन दिनों अपने महत्वाकांक्षी एपल इंटेलिजेंस (Apple Intelligence) को लेकर एक बड़े कानूनी पचड़े में फंस गई थी। लेकिन अब कंपनी ने इस विवाद को सुलझाने के लिए एक बड़ा समझौता किया है। अगर इस समझौते को अदालत की मंजूरी मिल जाती है, तो अमेरिका में कुछ आईफोन यूजर्स को कंपनी की तरफ से हर्जाना दिया जाएगा। आइए विस्तार से समझते हैं कि आखिर एपल से क्या चूक हुई और इसका फायदा किन यूजर्स को मिलेगा।

    बड़े-बड़े वादे कर कैसे फंसी कंपनी?

    दरअसल, यह पूरा मामला एपल इंटेलिजेंस की मार्केटिंग और उसके वादों से जुड़ा है। WWDC 2024 इवेंट के दौरान एपल ने बड़े जोर-शोर से अपने नए AI सिस्टम की घोषणा की थी। कंपनी ने ग्राहकों को 'स्मार्टर सिरी', राइटिंग असिस्टेंस, नोटिफिकेशन समरी और नए आईफोन्स के लिए शानदार कॉन्टेक्स्टुअल AI टूल्स जैसे फीचर्स के सपने दिखाए थे।

    लेकिन जब ये नए डिवाइस मार्केट में आए, तो यूजर्स को इनमें से कई फीचर्स मिले ही नहीं या फिर उन्हें लंबे समय के लिए टाल दिया गया। मुकदमे में आरोप लगाया गया कि ग्राहकों ने एपल के इन्हीं बड़े-बड़े विज्ञापनों को देखकर महंगे आईफोन खरीदे थे। यूजर्स ने उन एआई फीचर्स के लिए पैसे खर्च किए जो लॉन्च के वक्त मौजूद ही नहीं थे, या फिर बाद में धीरे-धीरे रोलआउट किए गए।

    किसे और कितना मिलेगा मुआवजा?

    अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, एपल इस मामले को रफा-दफा करने के लिए 250 मिलियन डॉलर का भुगतान करने पर सहमत हो गया है।

    कौन है योग्य:

    यह मुआवजा मुख्य रूप से उन अमेरिकी ग्राहकों को मिलेगा जिन्होंने जून 2024 से मार्च 2025 के बीच योग्य iPhone 16 मॉडल या कुछ चुनिंदा iPhone 15 डिवाइस खरीदे हैं।

    कितनी होगी रकम:

    योग्य यूजर्स को प्रति डिवाइस $25 से लेकर $95 (लगभग 2,100 से 8,000 रुपये) तक का भुगतान मिल सकता है। हालांकि, यह रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि क्लेम प्रोसेस शुरू होने के बाद कुल कितने ग्राहकों के आवेदन मंजूर किए जाते हैं।

    एपल की सफाई: "हमने कोई गलती नहीं की"

    हालांकि कंपनी करोड़ों रुपये का हर्जाना देने को तैयार है, लेकिन समझौते के तहत एपल ने किसी भी तरह की धोखाधड़ी या गलत काम करने से साफ इनकार किया है। एपल ने अपने बयान में कहा है कि पहली घोषणा के बाद से उसने अपने प्लेटफॉर्म्स पर कई एपल इंटेलिजेंस फीचर्स पेश किए हैं। कंपनी का कहना है कि वह इस कानूनी विवाद को सिर्फ इसलिए सुलझा रही है ताकि अपना पूरा ध्यान भविष्य के प्रोडक्ट्स और सर्विसेज पर लगा सके।

    फिलहाल, इस प्रस्तावित समझौते को भुगतान प्रक्रिया शुरू होने से पहले यू.एस. डिस्ट्रिक्ट कोर्ट फॉर द नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया से अंतिम मंजूरी मिलनी बाकी है।

    कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एपल के लिए चुनौती

    यह कानूनी विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब एआई (AI) की दुनिया में जंग बेहद तेज हो चुकी है। गूगल (Google), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और ओपनएआई (OpenAI) जैसी दिग्गज कंपनियां तेजी से अपने एआई फीचर्स का विस्तार कर रही हैं। ऐसे में एपल पर काफी दबाव है। आपको बता दें कि इससे पहले भी एपल को अपने अपडेटेड 'सिरी' (Siri) एक्सपीरियंस में देरी और एआई द्वारा जनरेट की गई गलत 'नोटिफिकेशन समरी' को लेकर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

    और पढ़ें...