iPhone Production In India: भारत में iPhone का प्रोडक्शन 25 प्रतिशत बढ़ाएगी एपल, एक्सपोर्ट भी हुआ दोगुना
Biggest Apple Manufacturing Plant in Bengaluru: एपल आईफोन अब मेड इन इंडिया भी बन रहे हैं। आईफोन मैन्युफैक्चरिंग के लिए सबसे बड़ा प्लांट बेंगलुरु में लगाया जा रहा है।

विस्तार
अमेरिकी स्मार्टफोन निर्माता एपल (Apple) ने भारत में अपने आईफोन प्रोडक्शन को बढ़ाने का टारगेट बनाया है। कंपनी भारत में 25 प्रतिशत तक प्रोडक्शन बढ़ाने वाली है। फिलहाल यह आंकड़ा लगभग सात प्रतिशत है। कंपनी की आगामी योजना के बारे में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एपल चाहता है कि वह अपने प्रोडक्शन को 5 प्रतिशत से 25 प्रतिशत तक बढ़ा दे, क्योंकि आईफोन निर्माता चीन से अपने मैन्युफैक्चरिंग को स्थानांतरित करना जारी रखना चाहता है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत की पारदर्शी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि हमारे पास ट्रांसपेरेंट बिजनेस मॉडल है, इससे भारत एक कॉम्पिटिटिव मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के तौर पर उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत में एपल सफलता की एक अन्य कहानी है। एपल पहले से ही भारत में लगभग 5-7 प्रतिशत मैन्युफैक्चरिंग कर रही है। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो वे अपने मैन्युफैक्चरिंग को 25 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य बना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने भारत में निर्मित सबसे लेटेस्ट मॉडल भी लॉन्च किए।
एपल आईफोन अब मेड इन इंडिया भी बन रहे हैं। आईफोन मैन्युफैक्चरिंग के लिए सबसे बड़ा प्लांट बेंगलुरु में लगाया जा रहा है। बता दें कि एपल ने कुछ वर्ष पहले ही अपनी कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर विस्ट्रॉन (Wistron) के जरिए देश में आईफोन की असेंबलिंग शुरू की थी। एपल के लिए भारत में विस्ट्रॉन के अलावा Foxconn भी आईफोन की असेंबलिंग करता है। फॉक्सकॉन अगले दो वर्षों में देश में अपनी फैक्ट्री में वर्कफोर्स को बढ़ाकर चार गुना करने की योजना बना रहा है।
बता दें कि एपल के लिए चीन आईफोन और अन्य एपल डिवाइस का मैन्युफैक्चरिंग हब है। हालांकि, पिछले वर्ष कोरोना के कारण लगी पाबंदियों और अन्य मुश्किलों के कारण आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग पर काफी असर पड़ा है। इसके बाद से ही एपल चीन पर मैन्युफैक्चरिंग निर्भरता कम करने और चीन से अपने प्रोडक्शन का बड़ा हिस्सा शिफ्ट करने की योजना पर काम करना शुरू कर दिया है।