नौ वर्षीय इस भारतीय लड़की के दीवाने हुए Apple के CEO, ऐसा एप बनाया कि सब कर रहे तारीफ
हाना ने “Hanas” नाम से एक एप तैयार किया है जो कि एक स्टोरी टेलिंग एप है। इस एप के जरिए मां-बाप अपने बच्चों के लिए कहानी रिकॉर्ड कर सकेंगे। टिम कुक ने भी हाना के ई-मेल का जवाब दिया है और उसकी तारीफ की है।

विस्तार
एपल के सीईओ टिम कुक एक नौ साल की भारतीय लड़की के टैलेंट के कायल हो गए हैं। टिम कुक ने ई-मेल के जरिए इस लड़की की तारीफ की है। दुबई में रहने वाली एक 9 साल की भारतीय लड़की हाना मुहम्मद रफीक (Hana Muhammad Rafeeq) ने iPhone के लिए एक एप तैयार किया है। हाना ने टिम कुक को ईमेल करके बताया कि वह सबसे कम उम्र की iOS डेवलपर है।
हाना ने “Hanas” नाम से एक एप तैयार किया है जो कि एक स्टोरी टेलिंग एप है। इस एप के जरिए मां-बाप अपने बच्चों के लिए कहानी रिकॉर्ड कर सकेंगे। टिम कुक ने भी हाना के ई-मेल का जवाब दिया है और उसकी तारीफ की है।
एप को फ्री में कर सकते हैं डाउनलोड
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Hanas एक फ्री एप है जिसे कोई भी एपल के एप स्टोर से डाउनलोड कर सकते है। इस एप में बच्चों के लिए ढेरों कहनियां मौजूद हैं। यदि आप चाहते हैं तो आप भी इस एप पर अपनी ऑडियो कहानियां अपलोड कर सकेंगे। यह एप उन मां-बाप के लिए बेस्ट है जो बच्चों को समय नहीं दे पाते।
पांच साल की उम्र में कोडिंग की शुरुआत
Gulf News की रिपोर्ट के मुताबिक हाना ने कोडिंग की शुरुआत पांच साल की उम्र में शुरू की थी। हाना का दावा है कि उसने एप को डेवलप करने के लिए किसी थर्ड पार्टी कोड की मदद नहीं ली है। हाना के दावा के मुताबिक उसने एप के लिए कोडिंग की 10,000 से अधिक पंक्तियों को खुद लिखा है।
हाना ने मेल में टिम कुक से एप का क्विक प्रीव्यू करने का अनुरोध किया था। हाना के मेल के रिप्लाई में टिम कुक ने तारीफ करते हुए लिखा, 'इतनी कम उम्र में आपकी तमाम प्रभावशाली उपलब्धियों के लिए बधाई। इसे जारी रखें और आप भविष्य में और भी बेहतर चीजें करेंगे।'