डेवलपर्स को राहत: आई फोन यूजर्स को सस्ते दामों पर एप मिलने की राह साफ
यह निर्णय शुक्रवार को वीडियो गेम निर्माता कंपनी एपिक गेम्स की तरफ से दाखिल मुकदमे में दी गई।

विस्तार
एक अमेरिकी अदालत के संघीय जज ने दिग्गज मोबाइल निर्माता कंपनी एपल के खिलाफ एक एंटी ट्रस्ट मुकदमे में अपने फैसले से उसकी अपने एप स्टोर पर पकड़ को ढीला कर दिया है।
इससे एपल का आईफोन मोबाइल उपयोग करने वाले लाखों यूजर्स को एप स्टोर पर सस्ते दामों में विभिन्न मोबाइल एप्स मिलने की राह खुल गई है। दरअसल इस फैसले से अब तक एप स्टोर पर अपलोड एप्स के डिजिटल लेनदेन में 30 फीसदी कमीशन ले रहे एपल को अब इसे घटाना या खत्म करना होगा, जिससे एप डेवलपर्स के अरबों डॉलर बच सकते हैं।
माना जा रहा है कि एप डेवलपर्स अपनी एप्स सस्ते दामों पर पर उपलब्ध कराकर उपभोक्ताओं को भी इस बचत का लाभ देंगे। हालांकि एपल के लिए यह करारा झटका है, क्योंकि इस कमीशन से होने वाली कमाई एपल के मुनाफे में बहुत बड़ी हिस्सेदारी रखती है।
शुक्रवार को यह फैसला आने के बाद एपल के शेयरों के दाम स्टॉक एक्सचेंज में दोपहर बाद 2 फीसदी से भी ज्यादा नीचे गिर गए।