5G In India: आईफोन वालों को 5G के लिए दिसंबर का करना होगा इंतजार, सैमसंग ने दी गुड न्यूज
एपल दिसंबर तक 5G अपडेट जारी करेगा उसके बाद ही यूजर्स आईफोन में 5G का इस्तेमाल कर पाएंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Apple 5G का अपडेट सबसे पहले दिल्ली-मुंबई जैसे मेट्रो शहरों के लिए जारी करेगा। कहा जा रहा है कि एपल Jio के नेटवर्क पर 5G का ट्रायल कर रहा है।

विस्तार
देश में 5जी की लॉन्चिंग हो गई है। Jio और Airtel की 5जी सेवाएं देश में शुरू हो गई हैं। एयरटेल की 5जी सर्विसेज फिलहाल देश के 8 शहरों में हैं, जबकि रिलायंस जियो अपने 5जी की टेस्टिंग चार शहरों में बीटा ट्रायल के तौर पर हो रही है। एंड्रॉयड वालों को तो इन शबरों में 5G का नेटवर्क मिलने लगा है लेकिन आईफोन वालों को अभी और इंतजार करना होगा। iPhone 12 और इससे बाद के सभी आईफोन में 5G का सपोर्ट दिया गया है लेकिन बिना अपडेट यूजर्स 5G का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
एपल ने अभी तक आईफोन के लिए 5G अपडेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। एपल के साथ-साथ सैमसंग के भी कुछ फोन को 5G अपडेट का इंतजार है। एयरटेल ने भी अपनी साइट पर उन सभी आईफोन की लिस्ट जारी कर दी है जिनमें 5G का सपोर्ट मिलेगा, लेकिन साथ में यह भी लिखा है कि एपल की ओर से अपडेट आने के बाद ही आईफोन में 5G काम करेगा।
ये भी पढ़ें: 5G SIM Upgrade लिंक पर क्लिक करते ही अकाउंट से पैसे गायब, पुलिस ने किया अलर्ट
ET टेलीकॉम की एक रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि एपल दिसंबर तक 5G अपडेट जारी करेगा उसके बाद ही यूजर्स आईफोन में 5G का इस्तेमाल कर पाएंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि Apple 5G का अपडेट सबसे पहले दिल्ली-मुंबई जैसे मेट्रो शहरों के लिए जारी करेगा। कहा जा रहा है कि एपल Jio के नेटवर्क पर 5G का ट्रायल कर रहा है।
Samsung ने अपने बयान में कहा है कि वह 2009 से ही 5जी टेक्नोलॉजी पर काम कर रहा है। भारत में भी उसके 5जी डिवाइस की एक लंबी रेंज है। सैमसंग ने कहा है कि वह मोबाइल ऑपरेटर के साथ 5G को लेकर तेजी से काम कर रहा है और नवंबर के अंत तक सभी डिवाइस के लिए 5G OTA अपडेट जारी होगा।
Google Pixel स्मार्टफोन को भी एक 5G का अपडेट मिलेगा, उसके बाद ही यूजर्स 5जी इस्तेमाल कर पाएंगे। कहा जा रहा है कि गूगल भी दिसंबर तक ही अपडेट जारी करेगा। एपल के अलावा Samsung, Motorola, Asus, Honor, Lava, LG, Nokia और Tecno के फोन में भी 5G एक अपडेट के बाद ही काम करेगा।
5G अपडेट को लेकर आज यानी 12 अक्तूबर को दूरसंचार विभाग और मोबाइल कंपनियों की बैठक होने वाली है। इस बैठक में मोबाइल कंपनियों पर फोन के लिए 5G अपडेट को लेकर दबाव बनाया जा सकता है और एक तय तारीख दी जा सकती है।