एआई से कैंसर का इलाज खोजेगी एंथ्रोपिक: दवा बनाने में 10 गुना बेहतर नतीजे का दावा, 2028 से शुरू करेगी ट्रायल

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Thu, 12 Nov 2026 02:56 PM IST
सार
  • मशहूर चैटबॉट 'क्लॉड' (Claude) बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने कैंसर, फूड एलर्जी और गंभीर बीमारियों की दवाओं की खोज तेज करने के लिए 6 बायोटेक कंपनियों से हाथ मिलाया है।
  • दावा है कि एआई की मदद से दवा बनाने में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम हो रहे हैं।
  • लैब टेस्टिंग में ये नई दवाएं पहले से 10 गुना तक ज्यादा असरदार साबित हो रही हैं।
anthropic uses ai to accelerate drug discovery for cancer allergies and rare diseases
एंथ्रोपिक ने बॉयोटेक्नोलॉजी कंपनियों से मिलाया हाथ। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ कविताएं लिखने या कोडिंग करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसानी जिंदगियां बचाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठा रहा है। मशहूर AI चैटबॉट क्लॉड (Claude) की पैरेंट कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने मेडिकल साइंस की दुनिया में कदम रख दिया है। कंपनी ने कैंसर, फूड एलर्जी और कई दुर्लभ बीमारियों के संभावित इलाज को तेजी से खोजने के लिए ब्रिस्टल मायर्स स्क्विब, जेनरेट बायोमेडिसिन्स और बिगहैट बायोसाइंसेज जैसी 6 दिग्गज बायोटेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ हाथ मिलाया है।

    कैंसर के इलाज में एआई का कमाल

    एंथ्रोपिक की इस पहल का सबसे शानदार नतीजा ब्लड कैंसर में इस्तेमाल होने वाली CAR T-सेल थेरेपी में देखने को मिला है। जेनरेट बायोमेडिसिन्स के वैज्ञानिकों ने क्लॉड कोड का इस्तेमाल करके इस थेरेपी के जेनेटिक निर्देशों का एक नया रूप तैयार किया। चौंकाने वाली बात यह है कि नया डिजाइन पहले से 70% छोटा है। लैब टेस्टिंग में पाया गया कि एआई द्वारा तैयार किए गए इस डिजाइन ने ट्यूमर सेल्स को मारने की क्षमता काफी बढ़ा दी है और यह इम्युनिटी सेल्स को लंबे समय तक एक्टिव भी रखता है।

    वहीं, बिगहैट बायोसाइंसेज के साथ मिलकर एआई ने कैंसर को टारगेट करने वाली दवाओं के 1,010 से ज्यादा वेरिएंट्स टेस्ट किए। इनमें से सबसे बेहतरीन वर्जन असली दवा के मुकाबले 10 गुना ज्यादा मजबूती से अपने टारगेट पर असर करता है।

    मिनटों में हो रहा महीनों का काम

    दवाओं की खोज में लगने वाले लंबे समय को भी एआई ने काफी कम कर दिया है। डायवर्जेंस लैब्स के साथ मिलकर एंथ्रोपिक ने महज एक महीने के भीतर फूड एलर्जी के इलाज के लिए करीब 35,000 एंटीबॉडी डिजाइन तैयार कर लिए। इसके अलावा, एन्वेडा के साथ मिलकर मैन्युफैक्चरिंग डॉक्यूमेंट्स के रिव्यू में लगने वाले इंसानी समय को 89% तक घटा दिया है।

    2028 में दवाओं का ट्रायल होगा शुरू

    कंपनी खुद भी मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (मांसपेशियों की एक दुर्लभ बीमारी) पर रिसर्च कर रही है। हालांकि, एंथ्रोपिक ने साफ किया है कि यह रिसर्च अभी प्री-क्लिनिकल स्टेज में है, यानी इन दवाओं का इंसानों पर ट्रायल शुरू नहीं हुआ है। अगर नतीजे ऐसे ही सकारात्मक रहे, तो 2028 के अंत तक इसके क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो सकते हैं। एआई ने मेडिकल रिसर्च की दुनिया में एक नई उम्मीद जगा दी है, जिससे भविष्य में लाइलाज बीमारियों का सस्ता और सटीक इलाज मुमकिन हो सकेगा।

    और पढ़ें...