Android 13: सिम कार्ड की सबसे बड़ी समस्या होगी दूर, एक फोन में चलेंगे तीन नंबर
गूगल अपने अपकमिंग एंड्रॉयड वर्जन यानी Android 13 के साथ इसी तरह का कमाल करने वाला है।

विस्तार
पिछलो तीन-चार सालों में फोन में सिम कार्ड के इस्तेमाल का तरीका बदला है और यह कमाल ई-सिम कार्ड की वजह से हुआ है। फिजिकल सिम कार्ड तो अब खत्म होने के कगार पर है। आने वाले समय में सॉफ्टवेयर आधारित ई-सिम का ही बोलबाला रहने वाला है।
फिलहाल सैमसंग, एपल और गूगल के कई फोन मौजूद हैं जिनमें एक ई-सिम का इस्तेमाल हो रहा है और दूसरा सिम फिजिकल है, लेकिन जल्द ही यह सब खत्म होने वाला है। गूगल अपने अपकमिंग एंड्रॉयड वर्जन यानी Android 13 के साथ इसी तरह का कमाल करने वाला है।
समय के साथ फोन स्लिम होते गए और सिम कार्ड मिनी से माइक्रो और ई-सिम तक पहुंच गए। ई-सिम के साथ सबसे बड़ी समस्या डुअल सिम को लेकर है, लेकिन गूगल इस समस्या का समाधान Android 13 के साथ करने जा रहा है। एंड्रॉयड पुलिस की एक रिपोर्ट के मुताबिक गूगल मल्टीपल इनेबल प्रोफाइल (MEP) पर काम कर रहा है जिसकी मदद से एक ही ई-सिम कार्ड पर मल्टीपल प्रोफाइल एक्टिव हो सकेगी।
सीधे शब्दों में कहें तो MEP की मदद से एक ही MEP पर दो कंपनियों के सिम एक्टिव हो सकेंगे। यदि गूगल इस फीचर को एंड्रॉयड 13 के साथ जारी करता है तो आप एक ही फोन में तीन सिम कार्ड एक साथ इस्तेमाल कर सकेंगे। आने वाले समय में फ्लैगशिप फोन में तीन सिम कार्ड का सपोर्ट मिल सकता है जिनमें एक फिजिकल सिम होगा और अन्य दो ई-सिम होंगे। Android 13 का बीटा वर्जन इस महीने के अंत तक रिलीज हो सकता है। फाइनल अपडेट जुलाई में जारी किया जा सकता है।
क्या होता है ई-सिम?
ई-सिम (E-Sim) का पूरा नाम एम्बेडेड सब्सक्राइबर आइडेंटिटी मॉड्यूल (Embedded Subscriber Identity Module) होता है। यह मोबाइल फोन में लगने वाला एक वर्चुअल सिम होता है। ई-सिम के जरिए आप फोन, मैसेज समेत सभी काम कर पाएंगे, लेकिन आपको इसे फोन में लगाने की जरूरत नहीं होगी। यह एक सॉफ्टवेयर आधारित सिम कार्ड होता है जिसे एक मैसेज या ई-मेल के जरिए एक्टिव करना होता है।