DeepSeek: डीपसीक पर अमेरिका ने किया बड़ा खुलासा! चीनी सरकार और सेना को चोरी-चुपके यूजर डेटा भेज रही कंपनी
DeepSeek: अमेरिकी शोधकर्ताओं का दावा है कि डीपसीक कुछ यूजर लॉगिन डेटा को चाइनीज टेलिकम्यूनिकेशन कंपनी चाइना मोबाइल को भेज रहा है जिसका संबंध चीनी सरकार से पाया गया है।

विस्तार
यूएस सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने चाइनीज AI चैटबॉट डीपसीक (DeepSeek) को लेकर बड़ा खुलासा किया है। शोधकर्ताओं का दावा है कि डीपसीक कुछ यूजर लॉगिन डेटा को एक चाइनीज टेलिकम्यूनिकेशन कंपनी को भेज रहा है जिसका संबंध चीनी सरकार से पाया गया है, जिसपर संयुक्त राज्य अमेरिका ने पहले से ही प्रतिबंध लगाया हुआ है। बता दें कि चाइनीज AI चैटबॉट डीपसीक लॉन्च के महज कुछ घंटो के भीतर अमेरिका के Apple App Store पर सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाला मोबाइल एप बन गया था। हालांकि, अमेरिकी सरकार ने डीपसीक को नागरिकों के डेटा सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए अमेरिका में प्रतिबंधित कर दिया है।
डीपसीक का सरकारी कंपनी से कनेक्शन!

अमेरिकी शोधकर्ताओं ने दावा किया कि डीपसीक के चैटबॉट के वेब लॉगिन पेज में बहुत ही अस्पष्ट कंप्यूटर स्क्रिप्ट है, जिसे समझने पर पता चलता है कि इसका कनेक्शन सरकारी दूरसंचार कंपनी चाइना मोबाइल के स्वामित्व वाले कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर से है। शोधकर्ताओं ने दावा किया कि यह कोड डीपसीक के लिए अकाउंट बनाने और यूजर लॉगिन प्रक्रिया का हिस्सा है।
चीनी सेना का हाथ होने का शक
अपनी गोपनीयता नीति (Privacy Policy) में, डीपसीक ने पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के अंदर सर्वर पर डेटा स्टोर करने की बात स्वीकार की। लेकिन शोधकर्ताओं द्वारा चाइना मोबाइल (China Mobile) से पाए गए लिंक से लगता है कि चैटबॉट का चीनी सरकार से सीधे जुड़ाव है।
शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि चाइना मोबाइल (China Mobile) और चीनी सेना के बीच घनिष्ठ संबंध हैं। हालांकि, डीपसीक और चाइना मोबाइल ने टिप्पणी मांगने वाले ईमेल का जवाब नहीं दिया।
वेब वर्जन पर आधारित है रिपोर्ट

यह विश्लेषण केवल डीपसीक के वेब वर्जन पर लागू होता है। उन्होंने मोबाइल वर्जन का विश्लेषण नहीं किया, जो कि एपल और गूगल ऐप स्टोर दोनों पर सबसे ज़्यादा डाउनलोड किए जाने वाले सॉफ़्टवेयर में से एक है।
चीनी नियंत्रित डिजिटल सेवाओं का विकास अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के लिए चिंता का एक प्रमुख विषय बन गया है। पिछले साल कांग्रेस के सांसदों ने भारी बहुमत से लोकप्रिय वीडियो-शेयरिंग एप TikTok की चीनी मूल कंपनी बाइटडांस (ByteDance) को देशव्यापी प्रतिबंध का सामना करने या बेचने के लिए मजबूर करने के लिए मतदान किया था। हालांकि, बिक्री पर अंतिम फैसला लेने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टीकटॉक को 75 दिनों की मोहलत मिली दी है।