Airtel: एयरटेल ने दिया झटका! बेसिक टैरिफ प्लान की कीमत 57% बढ़ाई, अब कम से कम इतने रुपये से करना होगा रिचार्ज
अब एयरटेल के ग्राहकों को सिम चालू रखने के लिए कम से कम 155 रुपये से रिचार्ज कराना होगा। कंपनी ने 99 रुपये की जगह 155 रुपये कीमत वाला एक नया एंट्री लेवल प्लान पेश किया है।

विस्तार
देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने बेसिक टैरिफ प्लान की कीमत 57 फीसदी यानी करीब डेढ़ गुना बढ़ा दी है। कंपनी ने अब 99 रुपये की जगह 155 रुपये कीमत वाला एक नया एंट्री लेवल प्लान पेश किया है। यानी अब एयरटेल के ग्राहकों को सिम चालू रखने के लिए कम से कम 155 रुपये से रिचार्ज कराना होगा।
कंपनी के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि प्रभावी रूप से मूल टैरिफ को लगभग 57 प्रतिशत बढ़ाया गया है। कंपनी ने 99 रुपये की जगह 155 रुपये वाला सबसे सस्ता प्रीपेड प्लान पेश किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा टैरिफ को बंद करने के बाद नए प्लान को सात क्षेत्रों में पेश किया गया है।
एयरटेल ने मौजूदा प्लान को बंद करके बढ़ी हुई कीमत वाले प्लान को सात सर्कल में रोल आउट किया गया है, जिसमें आंध्र प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश शामिल है। बता दें कि कंपनी ने पिछले साल के अंत में ओडिशा और हरियाणा राज्यों में परीक्षण के आधार पर नई योजना पेश की थी।
पिछले साल देश की 5G नीलामी में अरबों डॉलर खर्च करने वाली दूरसंचार कंपनियों द्वारा व्यापक रूप से राजस्व बढ़ाने के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी करने की उम्मीद पहले से जताई जा रही थी। बता दें कि एयरटेल का प्रति यूजर्स औसत रेवेन्यू (ARPU) सितंबर तिमाही में 190 रुपये था, जो 3.8 प्रतिशत अनुक्रमिक वृद्धि और लगभग 24 प्रतिशत सालाना वृद्धि थी।
कंपनी ने नवंबर 2021 में आखिरी बार रिचार्ज प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी की थी तब कहा था कि कंपनी के एआरपीयू को वित्तीय रूप से स्वस्थ व्यापार मॉडल के लिए 200 रुपये और कम से कम 300 रुपये पर होना चाहिए, जो कि काफी कम है। यानी कंपनी ARPU और राजस्व में वृद्धि के लिए अन्य प्लान की कीमतें भी बढ़ा सकती है।