Airtel: नेटवर्क की नो-टेंशन! एयरटेल लाया भारत की पहली 5G स्लाइसिंग सर्विस, भीड़ में भी नहीं अटकेगा इंटरनेट

Nitish Kumar
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीNitish Kumar
Wed, 20 May 2026 06:32 PM IST
सार

क्या आप भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में खराब नेटवर्क और धीमी इंटरनेट स्पीड से परेशान रहते हैं? आपकी इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए एयरटेल ने भारत में '5G स्लाइसिंग तकनीक' पर आधारित 'प्रायोरिटी पोस्टपेड सर्विस' लॉन्च की है। अब बफरिंग को भूल जाइए और जानिए इन स्मार्ट प्लान्स के बेहतरीन फायदों के बारे में।

विज्ञापन
airtel priority postpaid 5g network slicing service india
एयरटेल ने शुरू की प्रायोरिटी पोस्टपेड सर्विस - फोटो : एयरटेल

    विस्तार

    स्मार्टफोन आज हमारी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी का अहम हिस्सा है। लेकिन अक्सर बाजार या भीड़भाड़ वाले इलाकों में इंटरनेट साथ छोड़ देता है। ग्राहकों की इसी सबसे बड़ी परेशानी को दूर करने के लिए एयरटेल (Airtel) ने 19 मई 2026 को अपनी प्रायोरिटी पोस्टपेड (Priority Postpaid) सर्विस की शुरुआत की है।

    यह नई सर्विस '5G स्लाइसिंग' तकनीक पर काम करती है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि चाहे नेटवर्क पर कितना भी दबाव क्यों न हो, आपको हर हाल में बिना रुकावट वाली कनेक्टिविटी मिलेगी।

    विज्ञापन

    क्या है 5G स्लाइसिंग तकनीक?

    यह तकनीक नेटवर्क को पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट और दमदार बनाती है। आसान भाषा में समझें तो यह एक तरह का डिजिटल हाईवे है। जब नेटवर्क पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक (लोड) होता है, तो यह तकनीक अपने 'प्रायोरिटी' (VIP) ग्राहकों के लिए एक अलग 'फास्टलेन' तैयार कर देती है। इससे आपका कॉल ड्रॉप नहीं होता और डेटा स्पीड भी नहीं गिरती।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    पिछले एक साल में अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों में यह सर्विस शुरू हुई है। भारत में यह अत्याधुनिक तकनीक लाने वाली एयरटेल पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है।

    हर स्थिति में मिलेगा दमदार स्पीड का साथ

    एयरटेल इंडिया के एमडी (MD) और सीईओ (CEO), शाश्वत शर्मा ने इस खास लॉन्च पर कहा कि कंपनी हमेशा अपने ग्राहकों को सबसे बेहतरीन अनुभव देना चाहती है। उन्होंने बताया, "यह नया 5G स्लाइसिंग सॉल्यूशन ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद कनेक्टिविटी देगा। चाहे आप भारी ट्रैफिक में फंसकर ऑफिस की क्लाइंट कॉल ले रहे हों, किसी भीड़ वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट में वीडियो स्ट्रीम कर रहे हों या फिर किसी व्यस्त बाजार में कैब बुक कर रहे हों, एयरटेल का यह नेटवर्क आपका साथ नहीं छोड़ेगा।"

    कैसे उठाएं इस VIP सर्विस का फायदा?

    सबसे अच्छी बात यह है कि इस सर्विस को पाना बहुत आसान है।

    मौजूदा ग्राहक:

    एयरटेल के सभी पोस्टपेड ग्राहकों को यह सुविधा अपने आप (ऑटोमैटिक) मिलने लगेगी। उन्हें कुछ भी अलग से करने की जरूरत नहीं है।

    नए या प्रीपेड ग्राहक:

    अगर आप प्रीपेड यूजर हैं, तो एयरटेल एप (Airtel App) या किसी भी नजदीकी एयरटेल स्टोर पर जाकर आसानी से प्रायोरिटी पोस्टपेड में स्विच कर सकते हैं।

    फोन की जरूरतें:

    इसके लिए आपके पास 5G SA (Standalone) सपोर्ट वाला स्मार्टफोन होना चाहिए। फोन का सॉफ्टवेयर अप-टू-डेट होना चाहिए। आप एयरटेल एप पर जाकर चेक कर सकते हैं कि आपका फोन इस सर्विस के लिए तैयार है या नहीं।

    एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड प्लान्स और उनके फायदे

    नए प्लान्स न सिर्फ नेटवर्क की गारंटी देते हैं, बल्कि एंटरटेनमेंट का भी पूरा ख्याल रखते हैं। इन सभी प्लान्स में एयरटेल 'फास्टलेन तकनीक', धोखाधड़ी से बचाव (Spam Alerts), अनलिमिटेड डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 3000 SMS की सुविधा दे रहा है। एयरटेल के प्रायोरिटी पोस्टपेड प्लान्स की कीमत 449 रुपये से शुरू होती है और1749 रुपये तक जाती है। इन प्लान्स पर ग्राहकों को जीएसटी (GST) अलग से देना होगा।

    इन प्लान्स में यूजर्स को 100GB क्लाउड स्टोरेज, एयरटेल एक्सस्ट्रीम प्ले, एडोबी एक्सप्रेस प्रीमियम, अमेजन प्राइम, जियो हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स और एपल टीवी+ समेत कई OTT प्लेटफॉर्म के फायदे मिलेंगे। ये प्लान सिंगल यूजर से लेकर 5 लोगों तक के लिए है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें