ब्रॉडबैंड: घरों तक इंटरनेट पहुंचाने में एयरटेल ने जियो और बीएसएनएल को पछाड़ा, डाउनलोड स्पीड में भी निकला आगे

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 11 Nov 2026 02:13 PM IST
सार

भारत में ब्रॉडबैंड और होम इंटरनेट का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेट स्पीड, वीडियो प्लेबैक और रिलायबिलिटी के मामले में Airtel ने Reliance Jio और BSNL को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट (FWA) के नए ग्राहकों को जोड़ने के मामले में Jio अब भी बाजार पर राज कर रहा है। आइए जानते हैं पूरी रिपोर्ट के अहम आंकड़े।

airtel beats jio bsnl broadband speed fwa airfiber opensignal report india 2026 details
इंटरनेट स्पीड में एयरटेल सबसे आगे। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    भारत में ब्रॉडबैंड इंटरनेट का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है। अब घरों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के लिए सिर्फ फाइबर केबल पर निर्भरता नहीं रह गई है। 5G आधारित फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) यानी एयरफाइबर कनेक्शन भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इस बीच नेटवर्क एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म ओपनसिग्नल (OpenSignal) की नई रिपोर्ट में एक दिलचस्प बात सामने आई है। ग्राहकों की संख्या के मामले में जियो आगे है, लेकिन इंटरनेट स्पीड, भरोसे और बेहतर अनुभव के मामले में एयरटेल ने बाजी मारी है।

    इंटरनेट स्पीड में एयरटेल सबसे आगे

    • ओपनसिग्नल की नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, वायर्ड ब्रॉडबैंड की औसत डाउनलोड स्पीड के मामले में एयरटेल 38.4 एमबीपीएस के साथ पहले स्थान पर है। बीएसएनएल 37.9 एमबीपीएस के साथ दूसरे और जियो 30.5 एमबीपीएस के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
    • अपलोड स्पीड में भी एयरटेल ने बढ़त बनाई। इसकी औसत अपलोड स्पीड 26.7 एमबीपीएस रही, जबकि बीएसएनएल की 25.9 एमबीपीएस और जियो की 21 एमबीपीएस दर्ज की गई। रिपोर्ट में एयरटेल को रिलायबिलिटी, कंसिस्टेंट क्वालिटी, डाउनलोड स्पीड, अपलोड स्पीड और वीडियो एक्सपीरियंस समेत पांचों प्रमुख कैटेगरी में बेहतर बताया गया है।
    • हालांकि, Jio की कम औसत स्पीड का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उनका नेटवर्क खराब है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि Jio के ज्यादातर ग्राहकों ने 30 एमबीपीएस वाले सस्ते प्लान लिए हुए हैं, जबकि Airtel के ग्राहक 100 Mbps या उससे ज्यादा वाले प्रीमियम प्लान्स का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं, जिससे उनकी औसत स्पीड ज्यादा दिखती है।

    एयरफाइबर में भी एयरटेल की बढ़त

    • 5G नेटवर्क पर आधारित एयरफाइबर में भी एयरटेल ने जियो से बेहतर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 32.4 एमबीपीएस रही, जबकि जियो की 25.7 एमबीपीएस थी। अपलोड स्पीड में एयरटेल 20.7 एमबीपीएस और जियो 17.1 एमबीपीएस पर रहा।
    • नेटवर्क की विश्वसनीयता के मामले में भी एयरटेल को 1000 में से 450 अंक मिले, जबकि जियो को 382 अंक मिले। इस पैमाने पर यह देखा जाता है कि घर में इंटरनेट कितनी आसानी से कनेक्ट होता है और कई डिवाइस पर बिना रुकावट काम कर पाता है।

    ग्राहकों की संख्या में जियो का दबदबा

    बेहतर नेटवर्क अनुभव के बावजूद एयरफाइबर ग्राहकों की संख्या में जियो काफी आगे है। ओपनसिग्नल के मुताबिक, जून 2026 के अंत तक जियो एयरफाइबर के ग्राहक 1.4 करोड़ से ज्यादा हो गए थे। यह कंपनी के कुल 2.86 करोड़ फिक्स्ड ब्रॉडबैंड ग्राहकों का करीब आधा हिस्सा है।

    देश में बढ़ रहे ब्रॉडबैंड कनेक्शन

    भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 के अंत तक देश में फिक्स्ड वायर्ड ब्रॉडबैंड कनेक्शन की संख्या 4.86 करोड़ और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन की संख्या 1.93 करोड़ पहुंच गई थी। दोनों को मिलाकर कुल कनेक्शन में सालाना आधार पर करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

    खास बात यह है कि नए कनेक्शन जोड़ने में वायरलेस ब्रॉडबैंड की भूमिका बढ़ रही है। हालांकि, कुल ब्रॉडबैंड कनेक्शन में 70 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी अभी भी फाइबर और दूसरे वायर्ड नेटवर्क की है।

    और पढ़ें...