Grokipedia Controversy: विकिपीडिया फाउंडर बोले ‘AI नहीं दे सकता भरोसेमंद जानकारी’, एलन मस्क पर साधा निशाना
एलन मस्क की नई AI साइट ‘Grokipedia’ लॉन्च होते ही विवादों में आ गई है। विकिपीडिया के को-फाउंडर जिमी वेल्स ने चेतावनी दी है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भरोसेमंद जानकारी का स्रोत नहीं बन सकता। उनका कहना है कि लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) गलतियों से भरे होते हैं और फर्जी सूचनाएं फैला सकते हैं।

विस्तार
एलन मस्क की AI स्टार्टअप xAI द्वारा लॉन्च किए गए Grokipedia प्लेटफॉर्म पर विकिपीडिया के को-फाउंडर जिमी वेल्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) अभी इतने सक्षम नहीं हैं कि सटीक और तथ्यपूर्ण जानकारी दे सकें। वेल्स ने CNBC टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव काउंसिल समिट में कहा, “मस्क जो मॉडल्स इस्तेमाल कर रहे हैं, वे बहुत बड़ी गलतियां करने वाले हैं। ChatGPT और बाकी LLMs विकिपीडिया जैसी एंट्रीज के लिए भरोसेमंद नहीं हैं।”
Wikipedia पर मस्क के बयान का पलटवार
मस्क ने दावा किया था कि ग्रोकिपीडिया, विकिपीडिया से ज्यादा व्यापक, गहरा और सटीक होगा। इसके जवाब में वेल्स ने कहा कि मस्क की आलोचना बेबुनियाद है। उन्होंने कहा, “हम मुख्यधारा के भरोसेमंद स्रोतों का इस्तेमाल करते हैं, और इसके लिए हमें माफी मांगने की जरूरत नहीं। हम किसी रैंडम ब्लॉगर को 'द न्यू इंगलैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन' के बराबर नहीं मान सकते।” वेल्स ने मजाकिया लहजे में कहा, “हम इतने ‘कट्टरपंथी’ हैं कि द न्यू यॉर्क टाइम्स को कोट करते हैं।”
AI रिसर्च टूल्स पर जताई चिंता
वेल्स ने बताया कि कई एआई टूल्स जैसे ChatGPT, Perplexity और Google Gemini, डीप रिसर्च के नाम पर गलत संदर्भ और झूठी जानकारी देते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जर्मनी में एक शोधकर्ता ने ChatGPT द्वारा बनाए गए फर्जी रेफरेंसेज को अपनी रिपोर्ट में इस्तेमाल कर लिया था। वेल्स ने कहा, “जब भी किसी LLM से गहराई से जानकारी मांगी जाती है, वह गड़बड़ कर देता है। यह जानकारी की विश्वसनीयता के लिए खतरनाक है।”

उन्होंने बताया कि विकिपीडिया फिलहाल AI का सीमित प्रयोग कर रहा है ताकि संपादन प्रक्रिया तेज हो सके, लेकिन कंटेंट जनरेशन के लिए उस पर निर्भर नहीं है। वेल्स ने कहा, “अगर विकिपीडिया अपना खुद का LLM बनाए, तो यह उपयोगी हो सकता है, लेकिन इसकी लागत बहुत अधिक होगी।”
AI से घट रहा विकिपीडिया का ट्रैफिक
AI प्लेटफॉर्म्स द्वारा जनरेटेड कंटेंट से विकिपीडिया की विजिट्स में गिरावट आई है, क्योंकि कई LLMs उसी डेटा पर आधारित हैं जिसे विकिपीडिया से लिया गया है। हाल ही में वेबसाइट ने पाया कि कई बॉट्स उसके सर्वर से अनधिकृत रूप से डेटा स्क्रैप कर रहे थे।
इससे निपटने के लिए विकिपीडिया अब नई नीतियों पर काम कर रहा है ताकि उसका डेटा जिम्मेदारी से इस्तेमाल हो सके। साथ ही, वह YouTube, TikTok और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी एक्टिव होकर युवाओं तक सटीक जानकारी पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।