AI Impact Summit 2026: भारत में दुनिया के सबसे बड़े एआई इवेंट का आगाज, घर बैठे मोबाइल पर ऐसे देखें लाइव
AI Impact Summit 2026 Live:
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित एआई इंपैक्ट समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई सहित दुनिया के कई बड़े टेक लीडर्स शामिल हो रहे हैं।

विस्तार
भारत में दुनिया का सबसे बड़ा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इवेंट आयोजित किया जा रहा है। भारत में एआई इंपैक्ट समिट 2026 आज यानी 16 फरवरी से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गया है। यह पांच दिवसीय समिट 20 फरवरी तक चलेगा। इसमें दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, टेक कंपनियों के सीईओ, नीति निर्माता और एआई विशेषज्ञ एक मंच पर एआई के भविष्य पर चर्चा करेंगे। यह समिट न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि इससे आने वाले वर्षों में एआई की दिशा और नीतियों पर भी बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।
एआई इंपैक्ट समिट 2026 लाइव कैसे देखें?
अगर आप इस समिट को लाइव देखना चाहते हैं तो इसकी सभी प्रमुख सेशंस की लाइव स्ट्रीमिंग इंडियाएआई (IndiaAI) के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर की जाएगी। इस कार्यक्रम के लाइव स्ट्रीम में ये विशेष आयोजन होंगे:
- प्रमुख नेताओं के कीनोट भाषण
- टेक सीईओ के साथ खास बातचीत
- पैनल डिस्कशन
- एआई एक्सपो के टूर
- एआई नीति और टेक्नोलॉजी से जुड़े बड़े एलान
यह लाइव प्रसारण 16 फरवरी से 20 फरवरी तक रोजाना उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा आपको हमारे वेबसाइट अमर उजाला पर इस समिट से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स मिलती रहेंगी।
पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट को संबोधित करेंगे और एआई एक्सपो का दौरा भी करेंगे। उनके भाषण में भारत की 'Responsible and Inclusive AI' पर जोर रहने की उम्मीद है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार पीएम मोदी भारत के उस रोडमैप को पेश करेंगे। इसमें नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक विकास को गति देने वाले एआई सिस्टम पर जोर दिया गया है।