रिपोर्ट: 93% भारतीय कंपनियां एआई एजेंट्स अपनाने को तैयार, 2030 तक कर्मचारियों को सीखनी होंगी नई स्किल्स

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 25 Nov 2026 10:14 AM IST
सार
  • भारतीय कंपनियों में एआई एजेंट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने वाला है।
  • 93% कारोबारी लीडर्स इस टेक्नोलॉजी को अपनाना चाहते हैं और 59% कंपनियां इसका इस्तेमाल शुरू कर चुकी हैं।
  • 2030 तक हर 100 में से 59 कर्मचारियों को नई स्किल्स सीखने के लिए ट्रेनिंग की जरूरत पड़ सकती है।
ai agents reshape indian workplaces 93 percent leaders plan adoption kpmg cii report skills shift
एआई स्किल पर केपीएमजी की नई रिपोर्ट। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    भारत के कॉर्पोरेट सेक्टर और दफ्तरों में काम करने का तरीका अब एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ एक सहायक टूल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि 'एआई एजेंट्स' के रूप में ऑफिस के रोजमर्रा के कामकाज की कमान संभालने को तैयार है। केपीएमजी इंडिया और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की एक संयुक्त रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि देश के 93 प्रतिशत बिजनेस लीडर्स अपनी वर्कफोर्स की क्षमता बढ़ाने के लिए एआई एजेंट्स को अपनाने की योजना बना रहे हैं।

    59% कंपनियों ने शुरू कर दिया है इस्तेमाल

    रिपोर्ट के आंकड़ों से साफ है कि भारतीय कंपनियां इस तकनीक को लेकर कितनी गंभीर हैं। सर्वे में शामिल 59 प्रतिशत कंपनियों ने पहले ही अपने वर्कफ्लो और बिजनेस प्रोसेस को ऑटोमेट करने के लिए एआई एजेंट्स का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसके अलावा, देश के 74 प्रतिशत सीईओ का मानना है कि अगले तीन साल में किसी भी कंपनी की ग्रोथ इस बात पर निर्भर करेगी कि उसकी टीम एआई के लिए कितनी तैयार है।

    नौकरी खत्म होने से पहले बदलेगा काम का स्वरूप

    • अक्सर लोगों के मन में यह डर रहता है कि एआई उनकी नौकरी छीन लेगा, लेकिन इस रिपोर्ट का नजरिया थोड़ा अलग है। रिपोर्ट के मुताबिक, AI किसी की पूरी नौकरी खत्म करने से पहले काम करने के छोटे-छोटे तरीकों, वर्कफ्लो और फैसले लेने की प्रक्रिया को बदल रहा है। डेटा खोजना, शुरुआती ड्राफ्ट तैयार करना, बड़ी जानकारी का सार निकालना और सामान्य विश्लेषण जैसे रूटीन काम अब एआई खुद संभाल रहा है।
    • ऐसे में अब कर्मचारियों की भूमिका बदल जाएगी। दफ्तरों में काम करने वालों से उम्मीद की जाएगी कि वे समस्याओं की सही पहचान करें, डेटा की गहराई से व्याख्या करें, एआई द्वारा तैयार किए गए रिजल्ट की जांच करें और सही बिजनेस फैसले लें। कंपनियां अब ऐसे लोगों को प्राथमिकता दे रही हैं जो तकनीकी समझ के साथ-साथ अपनी मानवीय सूझबूझ का सही इस्तेमाल कर सकें।

    सिर्फ एआई टूल चलाना काफी नहीं होगा

    रिपोर्ट में इस बात पर खास जोर दिया गया है कि कर्मचारियों को सिर्फ एआई टूल्स चलाना सिखा देना काफी नहीं होगा। भविष्य की असली चुनौती यह है कि कर्मचारियों में एआई को सही निर्देश देने, उसके काम की गुणवत्ता परखने, अपवादों को संभालने और बड़े फैसलों की जिम्मेदारी खुद लेने की क्षमता विकसित की जाए।

    2030 तक बदल जाएगी स्किल्स की दुनिया

    • वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की 'फ्यूचर ऑफ जॉब्स रिपोर्ट 2025' का हवाला देते हुए इसमें बताया गया है कि साल 2030 तक कर्मचारियों के 39 प्रतिशत मुख्य स्किल्स पूरी तरह बदल जाएंगे। इतना ही नहीं, हर 100 में से 59 कर्मचारियों को नई ट्रेनिंग की जरूरत पड़ेगी। वर्तमान में 63 प्रतिशत नियोक्ताओं का मानना है कि बिजनेस के बदलाव में सबसे बड़ी रुकावट सही स्किल्स की कमी है।
    • कंपनियों का नया भर्ती फॉर्मूलाइस चुनौती से निपटने के लिए 85 प्रतिशत कंपनियां 2030 तक अपने मौजूदा कर्मचारियों की अपस्किलिंग पर पूरा ध्यान देंगी। वहीं, 70 प्रतिशत कंपनियां नए स्किल्स वाले लोगों की भर्ती करेंगी और 50 प्रतिशत कंपनियां घटती मांग वाले पदों से कर्मचारियों को हटाकर उन क्षेत्रों में शिफ्ट करेंगी जहां काम बढ़ रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर कंपनियां डिग्री के बजाय 'स्किल-बेस्ड हायरिंग' को अपनाती हैं, तो सामान्य पदों के लिए टैलेंट पूल 6.1 गुना और AI से जुड़ी नौकरियों के लिए 8.2 गुना तक बढ़ सकता है। साफ है कि आने वाले समय में वही कंपनियां और कर्मचारी आगे बढ़ेंगे, जो तकनीक के साथ खुद को लगातार अपडेट रखेंगे।
    और पढ़ें...