दो हफ्ते तक टेलीकॉम में घुसा रहा AI एजेंट: सेंसेटिव डेटा तक बनाई पहुंच, आखिर कैसे हुई यह सेंधमारी?

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Fri, 13 Nov 2026 07:29 PM IST
सार
  • जेलब्रेक किए गए DeepSeek AI एजेंट ने यूरोपीय टेलीकॉम पर दो हफ्ते से ज्यादा हमला किया।
  • टेलीकॉम और उसके सिस्टम पर चल रहे 13 संगठन निशाने पर थे।
  • हमलावर सिस्को ब्रॉडवर्क्स की पुरानी खामी से घुसा, जिसका फिक्स मौजूद था।
  • लाखों मरीजों के रिकॉर्ड तक पहुंच का दावा है।
AI Agent Cyberattack Operation Snowball Hits European Telecom
प्रतीकात्म इमेज - फोटो : Amar Ujala Digital

    विस्तार

    साइबर हमलों में अब तक इंसानी हैकर कीबोर्ड पर बैठा नजर आता था, लेकिन ताजा मामला कुछ अलग है। सिक्योरिटी फर्म मैलबियर लैब्स ने 'ऑपरेशन स्नोबॉल' नाम के एक अभियान का खुलासा किया है, जिसमें एक AI एजेंट ने यूरोप की एक टेलीकॉम कंपनी के सिस्टम में दो हफ्ते से ज्यादा सेंध लगाई। रिपोर्ट में मरीजों के रिकॉर्ड तक पहुंच का दावा है। आइए अब पूरा मामला एक-एक करके समझते हैं।

    कैसे सामने आया ऑपरेशन स्नोबॉल?

    मैलबियर लैब्स को यह मामला एक रूटीन जांच के दौरान मिला। उनके शोधकर्ताओं को इंटरनेट पर एक ऐसी डायरेक्टरी दिखी, जो बिना पासवर्ड के खुली थी और जिसमें हमलावर का पूरा कामकाजी फोल्डर पड़ा था। उसमें करीब 70 सेशन ट्रांसक्रिप्ट मिले। इन्हीं से पता चला कि हमला दो हफ्ते से ज्यादा चला। कंपनी ने अपना शोध 8 नवंबर को सार्वजनिक किया। पीड़ित टेलीकॉम कंपनी का नाम अब तक नहीं बताया गया है।

    AI एजेंट ने क्या-क्या किया?

    हमले में DeepSeek Flash मॉडल पर बना एक कस्टम एजेंट इस्तेमाल हुआ था। शोधकर्ताओं के मुताबिक ऑपरेटर के निर्देश छोटे थे और बाकी काम एजेंट ने खुद किया। वह नेटवर्क स्कैन करता, कमजोर जगहें ढूंढता और रोके जाने पर तरीका बदल लेता था। मॉडल की सुरक्षा हटाने के लिए करीब 78,000 अक्षरों का जेलब्रेक प्रॉम्प्ट लगाया गया। फिर भी यह पूरी तरह मशीन का खेल नहीं था, क्योंकि फ्रेमवर्क इंसान ने बनाया था।

    कौन सी कमजोरियां का फायदा उठाकर घुसा हमलावर?

    • सिस्को की खामी: CVE-2026-20320 ब्रॉडवर्क्स के XML पार्सर में है। इससे बिना लॉगिन संवेदनशील जानकारी पढ़ी जा सकती है। इसका CVSS स्कोर 7.5 है।
    • पैच उपलब्ध: सिस्को ने अगस्त 2026 में खामी सार्वजनिक की और फिक्स RI.2026.07 में दिया।
    • CISA की चेतावनी: 10 नवंबर को इसे सक्रिय हमलों वाली सूची में जोड़ा गया। अमेरिकी संघीय एजेंसियों को 24 नवंबर तक पैच लगाना है।
    • पुराना सॉफ्टवेयर: रिपोर्टों के मुताबिक एजेंट ने कुछ पुराने सॉफ्टवेयर की खामियां भी आजमाईं।

    मरीजों के रिकॉर्ड और असल नुकसान

    सबसे चिंताजनक दावा एक हेल्थकेयर संगठन से जुड़ा है। मैलबियर के मुताबिक एजेंट एक अस्पताल सूचना प्रणाली के डेटाबेस तक पहुंचा, जिसका डिफ़ॉल्ट पासवर्ड बदला ही नहीं गया था। उसमें मरीज, टीकाकरण और अपॉइंटमेंट टेबल के लाखों रिकॉर्ड बताए गए हैं। साथ में बिलिंग डेटा और क्रिप्टोग्राफिक चाबियों का भी जिक्र है। पर किसी तीसरे पक्ष ने इस पैमाने की जांच नहीं की है, और असल में कितना डेटा निकला, यह अभी भी साफ नहीं है।

    इस हमले से क्या सबक

    इस मामले की सबसे सीधी सीख यह है कि हमलावर की नई तकनीक से ज्यादा हमारी पुरानी गलतियां भारी पड़ती हैं। पैच समय पर लगाना, डिफॉल्ट पासवर्ड हटाना और संवेदनशील डेटाबेस को अलग रखना जरूरी है। जो कंपनियां AI एजेंट इस्तेमाल करती हैं, उन्हें उसकी पहुंच सीमित रखनी चाहिए। हमलावर की पहचान पर भी जल्दबाजी ठीक नहीं। शोधकर्ताओं के मुताबिक गतिविधि चीनी मूल के ऑपरेटर से मेल खाती है, पर सरकारी संबंध का कोई दावा नहीं।