5G in india: 5जी प्लान के लिए जेब नहीं करनी होगी ढीली, सरकार ने कहा- हर कोई कर सकेगा इस्तेमाल
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि टेलीकॉम मार्केट दुनिया में सबसे सस्ता मार्केट है। देश में 5G सेवा की कीमतें भी अफोर्डेबल होंगी, आम आदमी भी 5G सेवाओं का लाभ ले पाएगा। रेडियेशन का लेवल भी अमेरिका और यूरोप से 10 गुना कम रहेगा।

विस्तार
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश में 5G की सेवाओं की कीमत भी कम होने वाली है। आम आदमी भी 5जी को आसानी से यूज कर पाएगा। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने गुरुवार को 5G स्पेक्ट्रम नीलामी की प्रकिया को पूरा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार 12 अगस्त तक 5G स्पेक्ट्रम के आवंटन से संबंधित सभी काम पूरे कर लेगी, इसके बाद अक्टूबर तक देश में 5जी सेवाओं को शुरू किया जा सकता है।
टेलीकॉन कंपनियां कर लें तैयारी- केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा- 'टेलीकॉम कंपनियां देश में जल्द से जल्द 5जी सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर लें। कल ही स्पेक्ट्रम नीलामी की प्रकिया की गणना की गई है और आज हमने इसके वितरण को लेकर बैठक की है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि 5जी सेवाओं को जल्द ही पूरे देश में शुरू किया जा सके। हम 12 अगस्त तक स्पेक्ट्रम नीलामी के आवंटन को पूरा कर लेंगे इसके बाद अक्टूबर तक देश में 5जी सेवाओं को शुरू किया जा सकता है।'
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि टेलीकॉम मार्केट दुनिया में सबसे सस्ता मार्केट है। देश में 5G सेवा की कीमतें भी अफोर्डेबल होंगी, आम आदमी भी 5G सेवाओं का लाभ ले पाएगा। इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन से नुकसान के सवाल पर केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि हमारे यहां रेडियेशन का लेवल अमेरिका और यूरोप से भी 10 गुना कम रहेगा, जिससे यहां रेडियेशन का खतरा नहीं रहेगा।
5जी स्पेक्ट्रम में किसकी कितनी हिस्सेदारी
आपको बता दें कि देश में 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी पूरी हो चुकी है। देश में कुल 1,50,173 करोड़ रुपये के 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी की गई है। देश की तीन कंपनियों ने सबसे ज्यादा स्पेक्ट्रम खरीदे हैं, जिसमें रिलायंस जियो ने 24,740Mhz स्पेक्ट्रम, भारती एयरटेल ने 19867Mhz स्पेक्ट्रम और वोडाफोन-आइडिया ने 6228Mhz स्पेक्ट्रम की खरीदारी की है। नई कंपनी के तौर पर अदाणी डाटा नेटवर्क भी 5जी की दौड़ में शामिल हुई है।