Unitree G1: चीन के नव वर्ष पर 49 यूनिट्री रोबोट्स ने दी अनोखी परफॉर्मेंस, दिखाए हैरतअंगेज स्टंट, देखें वीडियो

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Tue, 24 Feb 2026 06:27 PM IST
सार

चीन की राजधानी बीजिंग में नववर्ष समारोह के दौरान 49 यूनिट्री G1 ह्यूमनॉइड रोबोट्स ने टेंपल ऑफ हेवन परिसर में एक साथ मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। 40 सेकंड के वायरल वीडियो में रोबोट्स को पंच, किक और बैकफ्लिप जैसे कठिन मूव्स करते देखा गया। यह प्रदर्शन पूरी तरह प्रोग्राम्ड और बिना मानवीय हस्तक्षेप के किया गया, जो चीन की उन्नत एआई और रोबोटिक्स तकनीक को दर्शाता है।

49 Humanoid Robots Perform Synchronized Martial Arts in Beijing
Unitree G1 Robot - फोटो : Unitree

    विस्तार

    चीन की राजधानी बीजिंग में नववर्ष समारोह के दौरान 49 ह्यूमनॉइड रोबोट्स ने एक साथ मार्शल आर्ट का शानदार प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम एतिहासिक टेंपल ऑफ हेवन परिसर में आयोजित किया गया। यहां रोबोट्स ने तालमेल के साथ पंच, किक और कठिन फ्लिप जैसे मूव्स किए।

    40 सेकंड का वीडियो हुआ वायरल

    चीनी रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स ने सोमवार को 40 सेकंड का एक वीडियो जारी किया। इसमें कंपनी के G1 ह्यूमनॉइड रोबोट्स को बीजिंग के प्रसिद्ध 'हॉल ऑफ प्रेयर फॉर गुड हार्वेस्ट्स' के सामने एक साथ मार्शल आर्ट करते हुए दिखाया गया। वीडियो पर साफ तौर पर लिखा गया था 'रियल शॉट्स, नॉट एआई-जेनरेटेड', यानी यह असली फुटेज है किसी तरह की एआई-जनरेटेड वीडियो नहीं।

    क्या है यूनिट्री G1 रोबोट की खासियत?

    यूनिट्री G1 एक कॉम्पैक्ट ह्यूमनॉइड रोबोट है। इसे एआई-आधारित मूवमेंट और ऑब्जेक्ट हैंडलिंग के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी प्रमुख खूबियां हैं:

    • बेहद फुर्तीली चाल
    • फोर्स-कंट्रोल्ड कुशल हाथ
    • बैकफ्लिप जैसे कठिन स्टंट करने की क्षमता
    • छोटे और नाजुक सामान को सटीक तरीके से पकड़ने की क्षमता

    इन रोबोट्स ने बिना किसी रिमोट कंट्रोल या मानवीय हस्तक्षेप के पूरा प्रदर्शन किया। सभी मूवमेंट पहले से प्रोग्राम किए गए निर्देशों के आधार पर एक साथ किए गए।

    चीन में रोबोटिक्स और एआई पर बड़ा दांव

    चीन पिछले कुछ वर्षों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों में बड़े पैमाने पर निवेश को बढ़ावा दे रहा है। खासकर ई-व्हीकल्स और रोबोटिक्स सेक्टर में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे पहले भी चीन मैराथन, बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में रोबोट्स के प्रदर्शन कर चुका है। ताकि दुनिया के सामने अपनी तकनीकी क्षमता दिखा सके।

    तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेंपल ऑफ हेवन में हुआ यह प्रदर्शन पूरी तरह स्वतंत्र रूप से विकसित किया गया था। सभी 49 रोबोट्स ने एक जैसी हरकतें एक ही समय पर कीं, जो उनके उन्नत एआई और सिंक्रोनाइजेशन सिस्टम को दर्शाता है। यह शो न सिर्फ दर्शकों के लिए रोमांचक रहा बल्कि चीन की तेजी से बढ़ती रोबोटिक्स इंडस्ट्री का भी बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें