चाहकर भी Facebook से ब्लॉक नहीं कर पाएंगे मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी की प्रोफाइल

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर अगर आप किसी शख्स की प्रोफाइल को पसंद नहीं करते तो बड़ी आसानी से उन्हें ब्लॉक किया जा सकता है। हालांकि दो प्रोफाइल ऐसी हैं जिन्हें आप चाहकर भी ब्लॉक नहीं कर पाएंगे। ये दो प्रोफाइल फेसबुक के फाउंडर और सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिस्किला की हैं। जुकरबर्ग फेसबुक के अपने निजी पेज पर अपनी निजी जिंदगी और कार्यक्रम के बारे में लगातार खबरें डालते रहते हैं। अगर आप इन दोनों की प्रोफाइल पर ब्लॉक का बटन दबाते हैं तो आपको एक ‘ब्लॉक एरर’ का मैसेज मिलेगा। इस मैसेज में लिखा होगा, "This profile can’t be blocked for now" (यह प्रोफाइल ब्लॉक नहीं की जा सकती।)
इस वजह से बंद किया ये ऑप्शन

अगर आप ये सोच रहे हैं कि ऐसा इसलिए किया गया होगा क्योंकि मार्क जुकरबर्ग दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग साइट के बॉस हैं, तो आप गलत हैं। ऐसा घमंड या सिस्टम में किसी प्रकार की खामी के कारण भी नहीं हो रहा। एक ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दरअसल यह एक प्रकार का फीचर है जो तब एक्टिवेट होता है जब बड़ी संख्या में यूजर्स किसी एक प्रोफाइल को ब्लॉक करने लगें।
ध्यान रहे कि मार्क जुकरबर्ग जब भी कोई पोस्ट डालते हैं तो फेसबुक इसे अतिरिक्त बूस्ट देता है और ना चाहते हुए भी लोगों की न्यूज फीड में काफी देर तक जुकरबर्ग की पोस्ट दिखाई देती है। यही वजह रही होगी कि लोग उनकी प्रोफाइल ब्लॉक करने लगे होंगे। यही समस्या उनकी पत्नी प्रिस्किला के साथ भी आई। उन्हें भी आप ब्लॉक नहीं कर पाएंगे। उनके परिवार के डॉग Beast का भी एक फेसबुक पेज है, हालांकि इसे ब्लॉक किया जा सकता है।