X में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव: अपनी पसंद से चुनें अपनी 'टाइमलाइन', अनचाहे पोस्ट्स को करें 'स्नूज'
X Custom Timeline Feature:
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' ने अपने यूजर्स के लिए 'कस्टम टाइमलाइन' और 'स्नूज' फीचर लॉन्च किया है। 'ग्रोक एआई' की मदद से अब प्रीमियम यूजर्स 75 से ज्यादा विषयों में से अपनी पसंद की टाइमलाइन बना सकेंगे। साथ ही, अनचाहे विषयों को 24 घंटे के लिए म्यूट करने का विकल्प भी मिलेगा। जानें यह नया फीचर कैसे काम करेगा।

विस्तार
एक्स ने अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए एक नया और शानदार फीचर लॉन्च किया है। कंपनी ने इसका नाम 'कस्टम टाइमलाइन' रखा है। इस फीचर की मदद से आप एप में अपनी पसंद के विषयों को अपनी होम स्क्रीन पर पिन कर सकेंगे। अगर आप एपल यूजर हैं, जिनके पास एक्स का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन है तो आपको इसका 'अर्ली एक्सेस' मिल सकता है। जिसे जल्द दी एंड्रॉयड के लिए भी लाया जाएगा। इसमें आपको सिर्फ वही दिखेगा जिसमें आप रुचि रखते होंगे। एक्स के प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने इसे "एक्स के सबसे बड़े बदलावों में से एक" बताया है। आइए जानते हैं कि यह नया अपडेट आपके लिए क्या खास लेकर आया है।
क्या है 'कस्टम टाइमलाइन' और यह कैसे काम करेगा?
एक्स का नया 'कस्टम टाइमलाइन' फीचर असल में यूजर्स को अपने फीड पर पूरा कंट्रोल देने के लिए बनाया गया है। अगर आप एक प्रीमियम यूजर हैं तो आपको अपने 'Following' टैब के ठीक बगल में एक नया 'Add+' बटन दिखाई देगा, जिससे आप अपने फीड को कस्टमाइज कर पाएंगे। यहां कंपनी ने टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, रियल एस्टेट, कुकिंग, फोटोग्राफी और सिनेमा जैसे 75 से भी ज्यादा विविध विषयों का विकल्प दिया है। इनमें से आप अपनी पसंद के टॉपिक्स चुनकर उन्हें अपनी होम स्क्रीन पर पिन कर सकते हैं।
इस पूरे अनुभव को एक्स का अपना 'ग्रोक एआई' खास बनाता है। कंपनी के मुताबिक, यह फीचर पूरी तरह Grok की इंटेलिजेंस पर आधारित है, जो सोशल मीडिया के एल्गोरिदम और आपकी व्यक्तिगत पसंद को गहराई से समझता है। यह एआई आपकी पिछली एक्टिविटी और इंटरैक्शन का विश्लेषण करता है ताकि चुनी गई टाइमलाइन आपके लिए बिल्कुल सटीक और दिलचस्प बनी रहे। दिलचस्प बात यह है कि जिन विषयों पर आप पहले से ही ज्यादा पोस्ट पढ़ते या लाइक करते हैं, उन विषयों को यह प्राथमिकता देता है। कुल मिलाकर, एक्स का यह नया अपडेट काफी हद तक Bluesky और Threads के 'कस्टम फीड्स' की याद दिलाता है, जो यूजर्स के बीच पहले से ही काफी लोकप्रिय हैं।
नापसंद विषयों को 24 घंटे के लिए करें 'स्नूज'
कस्टम टाइमलाइन के साथ ही एक्स ने एक और काम का टूल 'स्नूज टॉपिक्स' भी रोलआउट किया है। कई बार 'For You' टैब में ऐसे पोस्ट आने लगते हैं जिन्हें हम नहीं देखना चाहते। अब आप इस टूल की मदद से किसी भी विषय को 24 घंटे के लिए म्यूट या स्नूज कर सकते हैं। इससे आपकी फीड में वो कंटेंट नहीं आएगा, जिसे आप नहीं देखना चाहते।
अभी किसे मिल रहा है यह फीचर?
फिलहाल एक्स ने 'कस्टम टाइमलाइन' फीचर को अर्ली एक्सेस में पेश किया है, जो फिलहाल सिर्फ उन आईओएस यूजर्स के लिए उपलब्ध है जिनके पास प्रीमियम सब्सक्रिप्शन है। एंड्रॉयड इस्तेमाल करने वाले सब्सक्राइबर्स को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा, हालांकि कंपनी का कहना है कि उनके लिए भी यह अपडेट बहुत जल्द रोलआउट किया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ, नया 'स्नूज' फीचर iOS के साथ-साथ वेब के प्रीमियम यूजर्स के लिए भी लाइव हो चुका है। इससे वे अभी से अपनी फीड को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।