TikTok Ban: मौके की तलाश में X और Bluesky, लॉन्च किया स्पेशल वीडियो फीड

अमेरिका में टिकटॉक के बैन को लेकर चल रहे विवाद का फायदा तमाम सोशल मीडिया कंपनियां उठाना चाह रही हैं। X (जिसे पहले Twitter के नाम से जाना जाता था) ने अपने उपयोगकर्ताओं के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसने एक स्पेशल वर्टिकल वीडियो फीड पेश की है, जो Instagram के Reels और YouTube के Shorts फीड के समान है। इसी तरह एक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Bluesky जो Twitter के सह-संस्थापक जैक डोर्सी द्वारा शुरू किया गया है, ने भी वर्टिकल वीडियो फीड की शुरुआती की है। इन घोषणाओं को अमेरिका में TikTok के अनिश्चित भविष्य के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
X ने अपने प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए घोषणा की कि एक नई वर्टिकल वीडियो फीड अब अमेरिका में उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यह "वीडियो के लिए एक इमर्सिव फीचर" होगा। इस फीड को स्क्रीन के नीचे दिए गए प्ले बटन के जरिए देखा जा सकेगा। कंपनी ने यह पुष्टि नहीं की कि यह फीचर अमेरिका के बाहर के उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होगा या नहीं।
दूसरी ओर Bluesky ने खुलासा किया कि वह भी "वीडियो एक्शन में शामिल हो रहा है," और एक कस्टमाइजेबल वीडियो फीड सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। Bluesky ने स्पष्ट किया कि अन्य फीड्स की तरह, उपयोगकर्ता इस फीड को पिन कर सकते हैं या नहीं। कंपनी ने यह भी कहा कि उपयोगकर्ता "सिर्फ वीडियो पोस्ट्स" की टाइमलाइन तक पहुंचने के लिए ऊपर की ओर स्वाइप कर सकते हैं। यह सुविधा मोबाइल ऐप पर सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है।