रात 11.30 से सुबह छह बजे तक बंद रहेगा व्हाट्सएप? हर महीने देने होंगे 499 रुपये, जानें क्या है सच्चाई

प्रदीप पांडे
टेक डेस्क, अमर उजालाप्रदीप पांडे
Thu, 04 Jul 2019 03:24 PM IST
विज्ञापन
WhatsApp Usage to be Time-Restricted by Government, Charge of Rs 499 Per Month, here is Fact Check
whatsapp viral message - फोटो : amar ujala

    सोशल मीडिया आज कई लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा हो गया है। फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हम तमाम तरह के मैसेज एक-दूसरे को भेजते हैं। कई बार हम मैसेज को बिना पढ़े ही आगे फॉरवर्ड कर देते हैं, जो बाद में अफवाह का रूप ले लेता है। इन दिनों व्हाट्सएप पर एक मैसेज वायरल हो रहा है कि हर रोज रात के 11.30 बजे से लेकर सुबह छह बजे तक व्हाट्सएप बंद रहेगा। इस मैसेज में यह भी कहा जा रहा है कि यदि आप इस मैसेज को फॉरवर्ड नहीं करते हैं, तो 48 घंटे में आपका व्हाट्सएप अकाउंट बंद हो जाएगा और फिर उसे एक्टिवेट करने के लिए 499 रुपये देने होंगे। तो आइए जानते हैं इस मैसेज की सच्चाई के बारे में...

    मैसेज में किया जा रहा दावा

    whatsapp viral message
    whatsapp viral message - फोटो : amar ujala

    मैसेज में दावा किया जा रहा है भारत में अब व्हाट्सएप का इस्तेमाल रात के 11.30 बजे से लेकर सुबह छह बजे तक नहीं हो सकेगा। इस दौरान व्हाट्सएप पूरी तरह से बंद रहेगा। साथ ही, मैसेज में यह भी दावा किया जा रहा है कि मोदी सरकार व्हाट्सएप इस्तेमाल को लेकर जल्द ही नया कानून लाने वाली है। मैसेज में यह भी दावा किया गया कि पिक्चर अपडेट में दिक्कत आ रही है, लेकिन कंपनी इस पर काम कर रही है और जल्द ही इसे फिक्स कर लिया जाएगा। मैसेज में कहा जा रहा है कि इस मैसेज को 10 लोगों को फॉरवर्ड करें, नहीं तो 48 घंटे में आपका अकाउंट बंद हो जाएगा और फिर उसे एक्टिवेट करने के लिए 499 रुपये देने होंगे।

    विज्ञापन

    कितना सही है वायरल मैसेज में किया जा रहा दावा

    whatsapp
    whatsapp - फोटो : whatsapp

    सबसे पहले आपको बता दें दूरसंचार और सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस तरह का कोई नोटिस जारी नहीं किया है। साथ ही, किसी भी सोशल मीडिया कंपनी ने इस तरह का कोई आधिकारिक मैसेज नहीं दिया है। ऐसे में मैसेज में किया जा रहा दावा पूरी तरह से झूठा है। ऐसे में आपको इस बात से डरने की जरूरत नहीं है कि आपका व्हाट्सएप बंद हो जाएगा और उसे एक्टिवेट करने के लिए आपको पैसे देने होंगे। दरअसल बुधवार को व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के ठप होने के बाद मौके का फायदा उठाने और लोगों को गुमराह करने के लिए इस तरह का एक अफवाह फैलाया गया था जो कि पड़ताल में पूरी तरह से गलत निकला। बता दें कि बुधवार की शाम को व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम 9 घंटे तक ठप रहे।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    गौरतलब है कि बुधवार को पूरी दुनिया में फेसबुक पर जहां कोई भी पिक्चर अपलोड नहीं हो रही थी, वहीं इंस्टाग्राम में फीड अपलोडिंग की दिक्कत थी। इसके अलावा व्हाटसएप पर लोग मैसेज और फोटो/वीडियो भेज तो पा रहे थे, लेकिन डाउनलोड नहीं कर पा रहे थे। व्हाट्सएप पर कोई भी फाइल डाउनलोड करने पर नेटवर्क एरर बता रहा था, जबकि नेटवर्क में कोई समस्या नहीं थी। एयरटेल ने खुद ग्राहकों को मैसेज भेजकर इसकी पुष्टि की है। फेसबुक के यूजर्स पर फीड में फोटो या वीडियो नहीं देख पा रहे थे।

    फेसबुक ने बताया कि यह समस्या रूटीन मेंटेनेंस ऑपरेशन के दौरान एक गलती के कारण हुई थी, हालांकि फेसबुक ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी है। बता दें कि इससे पहले इसी मार्च में भी फेसबुक और इंस्टाग्राम ठप हुए थे। फेसबुक और इंस्टाग्राम के यूजर्स की बात करें, तो पूरी दुनिया में फेसबुक के 230 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं, वहीं इस्टाग्राम को 1 अरब से भी ज्यादा लोग इस्तेमाल करते हैं।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें