WhatsApp के ये टिप्स जान लें, कभी बैन नहीं होगा अकाउंट
व्हाट्सएप उन अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाता है जो कंपनी की सेवा की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाए जाते हैं। इनमें बड़े पैमाने पर फेक न्यूज, स्कैम और फ्रॉड से जुड़ी गलत जानकारियां प्रसारित करने वाले अकाउंट भी शामिल हैं।

विस्तार
इंस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (WhatsApp) ने हाल ही में 23 लाख अकाउंट को बंद किया है। दरअसल, कंपनी शिकायत के आधार पर और फेक न्यूज फैलाने जैसे मामलों में अकाउंट को बंद करती है। अब व्हाट्सएप ने अकाउंट को बैन होने से बचाने के लिए कुछ जरूरी टिप्स भी जारी किए हैं। कंपनी का कहना है कि वह उन अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाती है जो कंपनी की सेवा की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाए जाते हैं। इनमें बड़े पैमाने पर फेक न्यूज, स्कैम और फ्रॉड से जुड़ी गलत जानकारियां प्रसारित करने वाले अकाउंट भी शामिल हैं। बता दें कि कंपनी ने 23 लाख अकाउंट को केवल एक महीने में ही बैन किया था। चलिए जानते हैं अकाउंट बैन होने से बचाने वाली इन टिप्स के बारे में...
यदि आप सुनिश्चित नहीं हैं कि व्हाट्सएप मैसेज में सच्चाई है या नहीं तो इस तरह के फॉरवर्डेड मैसेज को शेयर करने से बचें। व्हाट्सएप ने पहले ही मैसेज फॉरवर्डेड की संख्या को सीमित कर रखा है। यानी आप केवल एक बार में पांच चैट तक ही मैसेज को फॉरवर्ड कर सकते हैं।
ऑटो-मैसेज या ऑटो-डायल और बल्क मैसेज से बचें। इस तरह के मैसेज को व्हाट्सएप मशीन लर्निंग टेक्नोलॉजी में स्पैमर की कैटेगरी में रखा जाता है। व्हाट्सएप मशीन लर्निंग टेक्नोलॉजी का यूज अनचाहे मैसेज भेजने वाले अकाउंट का पता लगाने और उन पर प्रतिबंध लगाने के लिए यूजर्स की शिकायत का उपयोग करता है।