WhatsApp ने अचानक बंद किए 37 लाख से ज्यादा भारतीय अकाउंट, कहीं आपका नंबर तो नहीं शामिल?

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Thu, 22 Dec 2022 10:38 AM IST
सार

इन अकाउंट्स को नए आईटी नियम के तहत यूजर्स की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए बैन किया गया है। व्हाट्सएप ने अक्तूबर में 23 लाख से ज्यादा भारतीय अकाउंट को बंद कर दिया था।

WhatsApp Banned Over 37 Lakh Accounts In India In November Know How To Report On WhatsApp
Whatsapp - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    इंस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप ने एक महीने में ही 37 लाख से ज्यादा भारतीय अकाउंट्स को बंद कर दिया है। यह अकाउंट एक नवंबर से 30 नवंबर के बीच बंद किए गए हैं। इन अकाउंट्स को यूजर्स की शिकायत के आधार पर बैन किया गया है। इनमें से 10 लाख अकाउंट्स ऐसे थे जो भारतीय यूजर्स द्वारा फ्लैग किए गए थे। बता दें कि इससे पहले अक्तूबर में सोशल मीडिया कंपनी ने देश में 23 लाख से ज्यादा अकाउंट्स को बैन किया था। आईटी अधिनियम 2021 की मासिक रिपोर्ट में व्हाट्सएप ने यह जानकारी दी है।

    कंपनी ने कहा कि नवंबर में व्हाट्सएप पर 946 शिकायतें यूजर्स की ओर से मिलीं थीं, जिसमें से 830 अकाउंट्स को बैन करने की अपील की गई थी। कंपनी के अनुसार प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाए रखने और यूजर्स को स्पैम, फिशिंग आदि हमलों से सुरक्षित रखने के लिए इन अकाउंट्स को बैन किया गया है। पिछले महीने कंपनी ने कहा था कि वह यूजर्स की सेफ्टी के लिए लगातार काम कर रही है। कंपनी अब आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस, स्टेट ऑफ द आर्ट टेक्नोलॉजी, डाटा साइंटिस्ट और एक्सपर्ट्स और प्रोसेस में भी इन्वेस्ट कर रही है।

    दरअसल, इन अकाउंट्स को नए आईटी नियम के तहत यूजर्स की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए बैन किया गया है। बता दें कि आईटी अधिनियम 2021 के तहत हर महीने 50 लाख से ज्यादा यूजर्स वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आईटी मंत्रालय में एक यूजर सेफ्टी रिपोर्ट पेश करनी होती है।

    व्हाट्सएप ने अक्तूबर में 23 लाख से ज्यादा भारतीय अकाउंट को बंद कर दिया था। यह अकाउंट एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर के बीच बंद किए गए थे। इन अकाउंट्स को यूजर्स की शिकायत के आधार पर बैन किया गया था। कंपनी के अनुसार उन्हें 701 ग्रीवेंस शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 34 अकाउंट्स पर कार्रवाई की गई। वहीं 23 लाख अकाउंट्स में 8,11,000 अकाउंट्स को यूजर्स की शिकायत से पहले ही बैन किया गया था।