Whatsapp: व्हाट्सएप लाया कई शानदार फीचर्स! वॉइस नोट और रिएक्शन के साथ शेयर कर सकेंगे स्टेटस, ऐसे करेगा काम

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Wed, 08 Feb 2023 03:29 PM IST
सार

WhatsApp new features: नए फीचर्स की मदद से यूजर्स 30 सेकंड तक वॉइस मैसेज को रिकॉर्ड करके शेयर कर सकेंगे। साथ ही यूजर्स को स्टेटस रिएक्शन फीचर की सुविधा भी मिलेगी।

WhatsApp announces share voice messages on status how to use
WhatsApp New Features - फोटो : सोशल मीडिया

    विस्तार

    इंस्टेंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप (Whatsapp) यूजर्स को नई सुविधाएं और नए फीचर्स देने के लिए लगातार कई तरह के बदलाव कर रहा है। इसी कड़ी में व्हाट्सएप अब एक साथ कई शानदार फीचर्स लेकर आया है, जिसमें व्हाट्सएप स्टेटस में वॉइस नोट और रिएक्शन शेयर करना शामिल है। नए फीचर्स की मदद से यूजर्स 30 सेकंड तक वॉइस मैसेज को रिकॉर्ड करके शेयर कर सकेंगे। साथ ही यूजर्स को स्टेटस रिएक्शन फीचर की सुविधा भी मिलेगी। बता दें कि हाल ही में व्हाट्सएप के नए कॉलिंग शॉर्टकट फीचर के बारे में भी जानकारी सामने आई है।

    कंपनी ने फिलहाल इस फीचर को लिमिटेड यूजर्स के लिए जारी किया है। दावा किया जा रहा है कि इसे जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध किया जाएगा। नए फीचर में यूजर्स फोटो और वीडियो स्टेटस की तरह ही वॉइस स्टेटस भी लगा सकेंगे। इसके लिए यूजर्स को 30 सेकंड तक के वॉयस को शेयर करने की सुविधा मिलेगी। यानी इस फीचर के तहत व्हाट्सएप स्टेटस पर यूजर्स 30 सेकंड तक वॉइस मैसेज रिकॉर्ड करके शेयर कर सकेंगे।

    व्हाट्सएप के इस फीचर के साथ यूजर्स को अन्य यूजर्स के स्टेटस पर रिएक्शन करने में आसानी होने वाली है। यूजर्स स्टेटस को ऊपर की ओर स्वाइप करके रिएक्शन दे सकेंगे। यूजर्स को आठ क्विक इमोजी रिएक्शन की सुविधा मिलेगी। बता दें कि हाल ही में कंपनी ने प्रोफाइल टैप करके स्टेटस देखने की सुविधा शुरू की है। यानी आप अन्य यूजर्स की प्रोफाइल पिक्चर की रिंग पर टैप करके उसका स्टेटस देख सकते हैं।