ब्लू टिक के लिए पैसे: यूजर ने दी गाली तो एलन मस्क ने बताई कीमत, कहा- इतना ठीक रहेगा ना
एक यूजर ने एलन मस्क को ट्वीट करके पूछा था कि उसके पास भारी संख्या में फॉलोअर्स हैं, बावजूद उसे ब्लू टिक नहीं मिल पा रहा है। इस ट्वीट के रिप्लाई में ही एलन मस्क ने पेड ब्लू टिक का इशारा किया था। जिसके बाद ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए 19.99 डॉलर (करीब 1,600 रुपये) चार्ज करने की बात कही जा रही थी, जिसका लोग जमकर विरोध कर रहे हैं।

विस्तार
एलन मस्क द्वारा ट्विटर के खरीदे जाने के बाद कई तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सबसे बड़ा बदलाव ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए भुगतान को शामिल करने को कहा जा रहा है। जैसे ही एलन मस्क ने पेड ब्लू टिक का इशारा किया, सोशल मीडिया पर जमकर इसका विरोध शुरू हो गया है। हाल ही में एक लेखक Stephen King ने पेड ब्लू टिक को लेकर गाली तक दे डाली, जिसके बाद एलन मस्क ने लेखक के ट्वीट का रिप्लाई देते हुए लिखा 8 डॉलर के बारे में क्या ख्याल है?
दरअसल, एक यूजर ने एलन मस्क को ट्वीट करके पूछा था कि उसके पास भारी संख्या में फॉलोअर्स हैं, बावजूद उसे ब्लू टिक नहीं मिल पा रहा है। इस ट्वीट के रिप्लाई में ही एलन मस्क ने पेड ब्लू टिक का इशारा किया था। जिसके बाद ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए 19.99 डॉलर (करीब 1,600 रुपये) चार्ज करने की बात कही जा रही थी, जिसका लोग जमकर विरोध कर रहे हैं। वहीं लेखक Stephen King ने इसका विरोध करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, ब्लू टिक के लिए 1600 रुपये? ये बकवास है बल्कि उनलोगों को मुझे पे करना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो मैं प्लेटफॉर्म छोड़ दूंगा।

लेखक के ट्वीट का जवाब देते हुए मस्क ने बताया कि ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए 1,600 रुपये नहीं बल्कि 8 डॉलर (लगभग 650 रुपये) लगेंगे। मस्क ने ट्वीट किया कि हमें किसी तरह बिलों का भुगतान करना होगा! ट्विटर पूरी तरह से विज्ञापनदाताओं के भरोसे नहीं रह सकता। 8 डॉलर के बारे में क्या ख्याल है?

हालांकि कंपनी ने अभी तक ब्लू टिक कितनी कीमत अदा करनी होगी, का एलान नहीं किया है। पिछली रिपोर्ट में कहा गया था कि ट्विटर का पेड ब्लू टिक सिर्फ Twitter Blue मेंबर्स के लिए होगा जो कि एक सब्सक्रिप्शन आधारित सर्विस है। ट्विटर ब्लू का सब्सक्रिप्शन मिलने के बाद यूजर्स को ट्वीट एडिट समेत कई तरह के एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलते हैं। ट्विटर ब्लू का मासिक सब्सक्रिप्शन 19.99 डॉलर यानी करीब 1,600 रुपये है। कहा जा रहा है कि जिनका अकाउंट पहले से वेरिफाई है, उन्हें 90 दिनों के अंदर ट्विटर ब्लू का सब्सक्रिप्शन लेना होगा, नहीं तो प्रोफाइल से ब्लू टिक हट जाएगा।