Twitter: नए साल में शुरू होने जा रहा है Twitter का पब्लिक ब्लू टिक वेरिफिकेशन

भारत में Twitter अकाउंट वेरिफिकेशन प्रोग्राम फिर से शुरू होने जा रहा है। Twitter ने यह फैसला पिछले दो सालों से लगातार आलोचना झेलने के बाद लिया है। कंपनी ने इसकी जानकारी अपने एक ब्लॉग पोस्ट में दी है। ट्विटर अकाउंट वेरिफिकेशन प्रोग्राम नए साल में शुरू हो सकता है। वहीं इससे पहले कंपनी ने फीडबैक मांगा है जिसकी शुरुआत हो चुकी है और यह आठ दिसंबर 2020 को खत्म हो जाएगी।
Twitter ने साल 2017 में पब्लिक वेरिफिकेशन बंद कर दिया था। अब तीन साल बाद कंपनी अकाउंट वेरिफिकेशन फिर से शुरू करने जा रही है, हालांकि इस दौरान कई मेडिकल, राजनीतिक, पत्रकार, अभिनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के अकाउंट वेरिफाई हुए हैं।
नए साल में शुरुआती चरण में छह तरह के अकाउंट का वेरिफिकेशन होगा जिनमें सरकारी कंपनी, ब्रांड्स, नॉन प्रॉफिट ऑर्गेनाइजेशन, न्यूज, इंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स, ऑर्गेनाइजर और दूसरे प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हैं, हालांकि ट्विटर ने यह भी कहा है कि उन अकाउंट्स को भी वेरिफाई किया जाएगा जिनके फॉलोअर्स काफी ज्यादा हैं।
कंपनी ने कहा कि उन अकाउंट्स का वेरिफिकेशन हटाया भी जा सकता है जो नियमों का उल्लंघन करते हैं या बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं। घृणा फैलाने वाले पोस्ट, हिंसात्मक पोस्ट और देश की अखंडता के खिलाफ पोस्ट करने वालों का ब्लू बैगेज हटाया जाएगा, हालांकि यह प्रक्रिया ऑटोमेटिक नहीं होगी।