अचानक से कम हो सकते हैं ट्विटर पर आपके फॉलोअर्स, वजह यह है

टेक डेस्क, अमर उजाला
Thu, 12 Jul 2018 03:23 PM IST
Twitter to remove blocked accounts from follower numbers in new policy
twitter

    अगर आप भी एक ट्विटर यूजर हैं और इस बात से खुश हैं कि आपके बहुत सारे फॉलोअर्स हैं तो यह खबर आपको झटका दे सकती है, हालांकि इसके लिए आपको ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ऐसा किसी बग के कारण नहीं, बल्कि ट्विटर खुद ऐसे अकाउंट की सफाई कर रहा है जिन्हें हाल ही में उसने ब्लॉक किए हैं।

    दरअसल पिछले 2 महीनों में ट्विटर ने लाखों ऐसे ट्विटर अकाउंट्स को ब्लॉक किए हैं जो फर्जी तरीके से चल रहे हैं और उन अकाउंट्स के जरिए अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा था। अब ट्विटर ने फैसला लिया है जिन अकाउंट्स को ब्लॉक किया है उन्हें अन्य यूजर्स की फॉलोअर्स लिस्ट से भी हटाया जाएगा।

    उदाहरण से समझें तो मान लीजिए कि ए नाम के अकाउंट ने आपको ट्विटर पर फॉलो किया और उसके अकाउंट को ट्विटर ने ब्लॉक कर दिया है तो अब वह आपके फॉलोअर्स की लिस्ट से भी हट जाएगा और ऐसे में आपके फॉलोअर्स की संख्या में कमी हो सकती है।

    अपने फैसले पर ट्विटर ने कहा है कि उसके इस कदम से कई यूजर्स को परेशानी हो सकती है लेकिन पारदर्शिता और भरोसा बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि फर्जी लोगों को प्लेटफॉर्म से हटाया जाए।

    दरअसल कुछ दिन पहले ही ट्विटर ने अपने यूजर्स को अपना अकाउंट वेरिफाई और पासवर्ड बदलने को कहा था, जिसके बाद कई यूजर्स ने ना ही वेरिफाई कराया और ना ही पासवर्ड बदले। उसके बाद फेसबुक ने उन्हें सस्पेंड और ब्लॉक करने का फैसला लिया है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें