Twitter Blue: फिर से ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन शुरू कर रहा ट्विटर, अब यूजर्स को इतनी चुकानी होगी कीमत
इससे पहले अमेरिका में कई फर्जी ट्विटर अकाउंट्स ने 8 डॉलर का भुगतान कर ब्लू टिक हासिल और इसके बाद इन अकाउंट्स से फेक ट्वीट किए गए, इससे परेशान होकर ट्विटर नेब्लू टिक सब्सक्राइबर सेवा को रोकने के आदेश दिए थे।

विस्तार
ट्विटर ने एक बार फिर पेड प्रीमियम वेरिफाइड सर्विस 'ट्विटर ब्लू' को लॉन्च करने का एलान कर दिया है। कंपनी सोमवार यानी कल से इस सर्विस को फिर से शुरू करने वाली है। ट्विटर ने शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि यूजर्स सोमवार से ट्विटर ब्लू का सब्सक्रिप्शन खरीद सकते हैं, ताकि वे ब्लू वेरिफाइड अकाउंट और विशेष फीचर हासिल कर सकें। बता दें कि इस सर्विस को पहले फर्जी अकाउंट्स की समस्या के चलते बंद कर दिया गया था।
ट्विटर ने शनिवार को लिखा, " हम सोमवार को ट्विटर ब्लू फिर से शुरू कर रहे हैं। यूजर्स को वेब पर सदस्यता के लिए 8 डॉलर प्रतिमाह और iOS पर ब्लू चेकमार्क सहित यूजर्स फीचर्स तक पहुंच प्राप्त करने के लिए 11 डॉलर प्रतिमाह का भुगतान करना होगा।" सब्सक्रिप्शन लेने के बाद आपको एडिट ट्वीट, 1080p वीडियो अपलोड रीडर मोड और ब्लू टिक की सुविधा मिलेगी। "
ट्विटर की घोषणा के बाद कंपनी के मालिक एलन मस्क ने भी ट्वीट का रिप्लाई किया है। मस्क ने लिखा कि, ट्विटर ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन में और कई अन्य सुविधाएँ आने वाली हैं!"
ट्विटर खरीदते ही किया था एलान
एलन मस्क ने अक्टूबर में 44 अरब डॉलर में ट्विटर अधिग्रहण करने के बाद कई बड़े बदलाव किए थे, जिनमें से प्रति माह आठ डॉलर के शुल्क में ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन देना भी शामिल है। इस सर्विस को पहले शुरू भी किया गया था, लेकिन अमेरिका में कई फर्जी ट्विटर अकाउंट्स ने 8 डॉलर का भुगतान कर पहले ब्लू टिक हासिल और इसके बाद इन अकाउंट्स से फेक ट्वीट किए गए, इससे परेशान होकर ट्विटर नेब्लू टिक सब्सक्राइबर सेवा को रोकने के आदेश दिए थे।
पहले ये थे ब्लू टिक के नियम
दरअसल, मस्क के ट्विटर खरीदने से पहले तक ब्लू टिक सिर्फ सेलिब्रिटीज, पत्रकारों, नेताओं आदि को ही मिलता था और ट्विटर इन अकाउंट्स को वेरिफाइड करता था। मस्क के नए नियम के अनुसार अब एक फोन, क्रेडिट कार्ड और हर महीने 8 डॉलर खर्च करने की क्षमता रखने वाला कोई भी शख्स ब्लू टिक हासिल कर सकता है।
फर्जी अकाउंट्स से इस कंपनी को हुआ था अरबों का नुकसान
इससे पहले जब मस्क ने 8 डॉलर में ब्लू टिक देने वाली सर्विस को शुरू किया था तो किसी ने आठ डॉलर देकर इंसुलिन बनाने वाली अमेरिकी फार्मा कंपनी एली लिलि के नाम पर ब्लू टिक ले ली थी और फिर इस फर्जी अकाउंट से ट्वीट कर दिया कि ‘अब इंसुलिन फ्री’ में मिलेगी। इसके बाद कंपनी के शेयर औंधे मुंह गिर गए थे। फर्जी ट्वीट से इस कंपनी को 1,223 अरब रुपये का नुकसान झेलना पड़ा था।