Twitter Update: एडिट बटन लाएगा ट्विटर, सिर्फ इन लोगों को ही मिलेगा यह फीचर
Twitter एडिट बटन पर काम कर रहा है। ट्विटर के एडिट फीचर को वेब वर्जन पर पहली बार देखा गया है। उम्मीद है कि वेब के बाद जल्द ही इस फीचर को एंड्रॉयड और आईओएस के लिए जारी किया जाएगा, हालांकि ट्विटर का एडिट फीचर सभी के लिए नहीं होगा।

विस्तार
माइक्रोब्लॉगिंग साइट Twitter पर एडिट बटन की मांग जितनी तेजी से हो रही है, कंपनी इस फीचर को लाने में उतनी ही देरी कर रही है। अब खबर है कि Twitter एडिट बटन पर काम कर रहा है। ट्विटर के एडिट फीचर को वेब वर्जन पर पहली बार देखा गया है। उम्मीद है कि वेब के बाद जल्द ही इस फीचर को एंड्रॉयड और आईओएस के लिए जारी किया जाएगा, हालांकि ट्विटर का एडिट फीचर सभी के लिए नहीं होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक ट्विटर एडिट बटन का फीचर सिर्फ अपने ट्विटर ब्लू के यूजर्स के लिए देगा। ट्विटर ब्लू कंपनी की एक शुल्क आधारित सर्विस है। ट्विटर के एडिट बटन के बारे में सबसे पहले Alessandro Paluzzi ने जानकारी दी है जो कि एक डेवलपर हैं। उन्होंने एडिट बटन का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।
स्क्रीनशॉट के मुताबिक ट्विटर का एडिट बटन किसी ट्वीट के साथ दिखने वाले तीन डॉट मीनू में होगा। फीचर का अपडेट आने के बाद यूजर्स को ट्वीट एडिट करने या री-राइट करने का विकल्प मिलेगा, हालांकि अभी यह टेस्टिंग में है। ऐसे में रिलीज होने से पहले इसमें बदलाव भी हो सकते हैं।
एक अन्य ट्विटर यूजर Nima Owji (@nima_owji) ने भी ट्विटर के एडिट बटन को लेकर एक एनिमेशन शेयर किया है। ट्विटर ने भी इस फीचर को लेकर एक अप्रैल 2022 को एक ट्वीट किया था लेकिन लोगों ने इसे अप्रैल फूल समझा। हाल ही में टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया था और एडिट बटन के लिए एक पोल भी पोस्ट किया था। वैसे ट्विटर ने एडिट बटन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
बता दें कि Twitter Blue कंपनी की एक सब्सक्रिप्शन आधारित सर्विस है। ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को अंडू ट्वीट और बिना विज्ञापन न्यूज आर्टिकल को पढ़ने का मौका मिलता है। इसकी मासिक कीमत 2.99 डॉलर यानी करीब 222 रुपये है।