Twitter ने लॉन्च किया नया प्लेटफॉर्म, TweetDeck की होने वाली है छुट्टी

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Thu, 30 Jun 2022 12:14 PM IST
सार

Tweeten काफी हद तक लुक के लिहाज से TweetDeck जैसा ही है, हालांकि यूजर इंटरफेस को लेकर कंपनी का कहना है कि यह ट्वीटडेक के मुकाबले काफी सरल है।

Twitter Launches Tweeten App a Replacement for TweetDeck
Tweeten app - फोटो : Tweeten

    विस्तार

    लंबे समय की टेस्टिंग के बाद ट्विटर ने आखिरकार Tweeten एप को लॉन्च कर दिया है। Tweeten का इस्तेमाल TweetDeck की जगह मैक और विंडोज के लिए होगा और ट्वीटडेक को जल्द बंद कर दिया जाएगा। बता दें कि TweetDeck को ट्विटर ने खरीदा था।

    Tweeten को लेकर ट्विटर ने कहा है कि इसे एक जुलाई से मैक यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में मैक के लिए ट्वीटडेक एक जुलाई से काम करना बंद कर देगा। Tweeten काफी हद तक लुक के लिहाज से TweetDeck जैसा ही है, हालांकि यूजर इंटरफेस को लेकर कंपनी का कहना है कि यह ट्वीटडेक के मुकाबले काफी सरल है।

    TweetDeck की तरह Tweeten में भी कॉलम बनाने का विकल्प मिलेगा। इसमें शॉर्टकट बार भी मिलेगा। Tweeten में ट्वीटडेक के मुकाबले अधिक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें री-ट्वीट का भी विकल्प मिलेगा और नोटिफिकेशन भी दिखेंगे। नोटिफिकेशन की जगह को भी आप Tweeten में फिक्स कर सकेंगे यानी नोटिफिकेशन की प्लेसमेंट को आप कस्टमाइज कर सकेंगे।

    Tweeten के साथ एक बड़ा फीचर यह मिला है कि आप ट्वीट और अकाउंट को अपने हिसाब से फिल्टर कर सकेंगे। Tweeten से आप किसी वीडियो को बिना किसी थर्ड पार्टी एप या वेबसाइट की मदद से डाउनलोड भी कर सकेंगे। Tweeten के लिए गूगल क्रोम का एक्सटेंशन भी लॉन्च हो गया है।

    बता दें कि TweetDeck ट्विटर का एक वैकल्पिक प्लेटफॉर्म है जिसके जरिए एक साथ कई अकाउंट को एक्सेस करने और कई अकाउंट के फीड को एक साथ देखने का मौका मिलता है। ट्वीटडेक में कई ऐसे फीचर्स भी हैं जो ट्विटर में नहीं हैं। उदाहरण के तौर पर आप ट्विटर के जरिए ट्वीट को शिड्यूल नहीं कर सकते, लेकिन TweetDeck में यह सुविधा है। ट्वीटडेक को 12 साल पहले लॉन्च किया गया था और ट्विटर ने इसे 2011 में खरीद लिया था। TweetDeck का इस्तेमाल आमतौर पर मीडिया हाउस और बड़ी संस्थाएं करती हैं।