भारत में सबसे स्लो है ट्विटर, ट्वीट रिफ्रेश होने में लगते हैं 15 सेकेंड: एलन मस्क
भारत के अलावा ट्विटर इंडोनेशिया और अन्य देशों में भी अमेरिका और ब्रिटेन के मुकाबले काफी स्लो है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर वे कोई दावे नहीं कर रहे हैं।

विस्तार
Twitter के नए मालिक एलन मस्क ने कहा है कि भारत में ट्विटर सबसे स्लो है। भारत के अलावा ट्विटर इंडोनेशिया और अन्य देशों में भी अमेरिका और ब्रिटेन के मुकाबले काफी स्लो है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर वे कोई दावे नहीं कर रहे हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एप का स्लो होना इंटरनेट की स्पीड पर भी निर्भर करता है।
एलन मस्क ने एक ट्वीट का रिप्लाई करते हुए कहा कि भारत और इंडोनेशिया जैसे देश में ट्विटर के होमपेज को रिफ्रेश होने में 10 से 15 सेकेंड का वक्त लगता है। कई बार यह एंड्रॉयड डिवाइस पर काम भी नहीं करता है। यहां बड़ा सवाल यह है कि आखिर बैंडविड्थ की लैटेंसी कितनी है। एलन मस्क ने यह रिप्लाई मेटा के पूर्व चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर के ट्वीट पर किया है।
एलन मस्क ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि 1200 माइक्रोसर्विस सर्वर हैं जिनमें से 40 ट्विटर के लिए हैं। ऐसे में स्पीड को बेहतर करने के लिए डाटा यूज को कम करना होगा, एप को सरल बनाना होगा और फैचिंग डाटा को नंबरों में बांटना होगा।
इससे पहले उन्होंने ट्विटर के स्लो होने को लेकर माफी भी मांगी है। एलन मस्क के मुताबिक अमेरिका में ट्विटर के होमपेज की रिफ्रेश टाइम 2 सेकेंड है, जबकि भारत जैसे कई अन्य देशों में यह 15 सेकेंड तक है। स्लो ट्विटर वाले मुद्दे पर रिप्लाई करने के बाद उन्होंने अपने एक डेवलपर को भी नौकरी से निकाल दिया है।