एलन मस्क ने दिया अब्राहम लिंकन का नारा, कहा- लोगों का, लोगों द्वारा समाचार का सबसे बड़ा सोर्स है ट्विटर
एलन मस्क ने एप के रेंडर टाइमलाइन को लेकर भी ट्वीट किया था जिसे Eric Frohnhoefer ने गलत बताया जिसके बाद एलन मस्क ने कहा कि यदि यह गलत है तो सही क्या है और तुम इसे फिक्स करने के लिए क्या कर रहे हो।

विस्तार
दुनिया की सबसे बड़ी माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने कहा है कि ट्विटर खबरों का सबसे बड़ा सोर्स है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में अब्राहम लिंकन के कथन के तर्ज पर कहा कि ट्विटर, लोगों का, लोगों द्वारा सबसे बड़ा न्यूज सोर्स है। अब्राहम लिंकन ने कहा था कि लोकतंत्र जनता का, जनता के द्वारा तथा जनता के लिए शासन है।
इससे पहले भी एलन मस्क कह चुके हैं, वे ब्लू टिक वाले अकाउंट से सही और सटीक खबरों की उम्मीद करते हैं। एलन मस्क ने हमेशा से ट्विटर पर फर्जी और बॉट अकाउंट को लेकर विरोध किया है और मालिक बनने के बाद वे सबसे पहले ऐसे अकाउंट की ही सफाई कर रहे हैं। एलन मस्क ने पैरोडी अकाउंट को लेकर भी कहा है कि पैरोडी अकाउंट के सिर्फ बायो में ही नहीं, बल्कि प्रोफाइल में भी पैरोडी लिखना होगा।
एलन मस्क ट्वीट लेबल को भी खत्म करने की तैयारी में हैं। फिलहाल आप आईफोन से ट्वीट करते हैं, तो ट्वीट के नीचे 'ट्विटर फॉर आईफोन' लेबल दिखाई देता है और यदि यूजर्स के पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन है, तो यह 'ट्विटर फॉर एंड्रॉइड' लेबल दिखाता है। अब मस्क इस फीचर को बंद करने वाले हैं यानी आने वाले समय में ये दोनों लेबल नहीं दिखेंगे।
एप स्लो होने के कारण नौकरी से निकाला
एलन मस्क ने ट्विटर के स्लो होने के लेकर माफी मांगी है और स्लो वाले ट्वीट पर रिप्लाई के कारण एक डेवलपर को नौकरी से निकाल भी दिया है। एलन मस्क ने अपने ट्वीट में लिखा था कि ट्विटर कई देशों में सुपर स्लो हो रहा है। मैं इसके लिए माफी मांगना चाहता हूं।
एलन मस्क ने एप के रेंडर टाइमलाइन को लेकर भी ट्वीट किया था जिसे Eric Frohnhoefer ने गलत बताया जिसके बाद एलन मस्क ने कहा कि यदि यह गलत है तो सही क्या है और तुम इसे फिक्स करने के लिए क्या कर रहे हो। एरिक ने मस्क के ट्वीट का रिप्लाई करते हुए कहा, 'मैंने एंड्रॉयड के लिए ट्विटर पर काम करते हुए 6 साल बिताए हैं और मैं कह सकता हूं कि यह गलत है।'