Twitter CoTweets feature: एक साथ दो लोग कर सकेंगे ट्वीट, जानिए क्या है ट्विटर का नया फीचर
CoTweet ऐसा ट्वीट है जिन्हें दो यूजर्स मिलकर एक साथ करते हैं। यह ट्वीट दोनों यूजर्स की प्रोफाइल पर एक साथ दिखाई भी देता है।

विस्तार
माइक्रो ब्लॉगिंग व सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर एक नए फीचर को-ट्वीट (CoTweets) पर काम कर रहा है। इस फीचर का यूज करके दो यूजर एक साथ ट्वीट कर सकेंगे यानी अभी तक यूजर्स अपने ट्विटर हैंडल से अपने यूजर नेम के साथ ट्वीट करते हैं, लेकिन नए फीचर आने के बाद दो यूजर मिलकर भी ट्वीट कर पाएंगे। यह फीचर इंस्टाग्राम के कॉलेबोरेशन (collaboration) फीचर की तरह है। अभी यह फीचर अपने ट्रायल फेज में है और कनाडा, अमेरिका और कोरिया के कुछ यूजर्स के लिए ही लाइव हुआ है। चलिए इस फीचर्स के बारे में विस्तार से जानते हैं।
CoTweet ऐसा ट्वीट है जिन्हें दो यूजर्स मिलकर एक साथ करते हैं। यह ट्वीट दोनों यूजर्स की प्रोफाइल पर एक साथ दिखाई भी देता है। दोनों यूजर्स के फॉलोअर अपनी टाइमलाइन पर इन ट्वीट्स को देख भी पाएंगे। कॉलेब वाले इस फीचर्स को इंस्टाग्राम की तर्ज पर डिजाइन किया जा रहा है। अब यदि आपको ट्विटर पर एक ट्वीट पर दो प्रोफाइल दिखे तो समझ पाएंगे कि यह ट्वीट को-ट्वीट (CoTweet) है।
इस फीचर के आने के बाद आप अपने ट्विटर पर CoTweet के लिए रिक्वेस्ट भी कर सकेंगे। आप केवल अपने ऐसे यूजर्स को ही रिक्वेस्ट कर पाएंगे जो आपको फॉलो करते हैं और उस यूजर का अकाउंट पब्लिक होना भी जरूरी है। यूजर्स जिसका ट्विटर अकाउंट प्राइवेट है वह इस फीचर का उपयोग नहीं कर पाएंगे। उन्हें पहले अपना अकाउंट पब्लिक करना होगा और दूसरे यूजर को फॉलो करना होगा। इस फीचर का उपयोग करने के लिए दूसरे यूजर्स का भी आपको फॉलो करना जरूरी है।