Twitter Blue: ट्विटर ने Android यूजर्स के लिए तय की ब्लू टिक की कीमत, हर महीने खर्च करने होंगे इतने रुपये
Twitter Blue चेक मार्क पहले राजनेताओं, प्रसिद्ध हस्तियों, पत्रकारों और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के वेरिफाइड अकाउंट्स के लिए फ्री था, लेकिन अब ट्विटर पर ब्लू टिक बनाए रखने के लिए भुगतान करना होगा।

विस्तार
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) ने आईफोन के बाद अब एंड्रॉयड यूजर्स के लिए भी ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की घोषणा कर दी है। यानी अब एंड्रॉयड यूजर्स को भी ब्लू टिक के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। कंपनी ने बुधवार को कहा कि वह एंड्रॉयड के लिए ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की कीमत को जारी कर रही है। अब से एंड्रॉयड यूजर्स को ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए हर महीने 11 डॉलर (लगभग 900 रुपये) खर्च करने होंगे। बता दें कि ट्विटर ने सबसे पहले पिछली साल आईफोन यूजर्स के लिए पेड ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की शुरुआत की थी।
ब्लू टिक बनाए रखने के लिए देने होंगे पैसे
ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने कहना था कि वह कंपनी को चलाने के लिए केवल विज्ञापनदाताओं के भरोसे नहीं रह सकते। जिसके बाद ट्विटर के राजस्व बढ़ाने के लिए पिछले साल इसे रोल आउट किया गया था। बता दें कि ब्लू चेक मार्क पहले राजनेताओं, प्रसिद्ध हस्तियों, पत्रकारों और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के वेरिफाइड अकाउंट्स के लिए फ्री था, लेकिन अब ट्विटर पर ब्लू टिक बनाए रखने के लिए भुगतान करना होगा।
ट्विटर ने की घोषणा
ट्विटर ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि गूगल के एंड्रॉयड यूजर्स ट्विटर ब्लू का मासिक सब्सक्रिप्शन 11 डॉलर (करीब 900 रुपये) में खरीद सकेंगे, जो कि एपल के आईओएस यूजर्स के लिए भी उतना ही है। वहीं ट्विटर ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए भी ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की सालाना कीमत 84 डॉलर (लगभग 6,800 रुपये) रखी गई है।
यानी एक साल के लिए भुगतान करने पर डिस्काउंट दिया जा रहा है। इतनी ही कीमत ट्विटर वेब यूजर्स के लिए भी तय की गई है। कंपनी ने कहा फिलहाल संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, यूके, जापान, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों के वेब यूजर्स के लिए छूट डिस्काउंट उपलब्ध होगा।