Facebook ही नहीं, Twitter ने भी कैम्ब्रिज एनालिटिका को बेचा आपका डाटा

Facebook के डाटा लीक के बाद Twitter यूजर्स की प्राइवेसी भी खतरे में है। बताया जा रहा है कि ट्विटर ने भी यूजर्स के डाटा को कैम्ब्रिज एनालिटिका को बेचा है। इसका खुलासा संडे टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट से हुआ है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका के लिए काम करने वाले और फेसबुक डाटा लीक करने वाले एलेक्जेंडर कोगन ने साल 2015 में माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर से यूजर्स का डाटा खरीदा था। ट्विटर से यूजर्स का डाटा लेने के लिए कई सॉफ्टवेयर तैयार किए गए थे।
कोगन ने एक टीवी में बताया है, ‘टूल्स की मदद से काफी तेजी से डाटा लिया गया, हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि हमने ट्विटर को हैक किया है।’ कोगन ने बताया कि ट्विटर यूजर्स के डाटा का इस्तेमाल ब्रांड बनाने और सर्वे को किसी खास के पक्ष में दिखाने के लिए किया गया।
वहीं इस मामले पर ट्विटर ने सफाई देते हुए कहा है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका और जीएसआर जैसी कंपनियों का विज्ञापन बंद कर दिया गया है। ट्विटर के एक प्रवक्ता ने कहा है कि कोई डाटा चोरी नहीं हुआ है और ना ही डाटा बेचा गया है। हालांकि अभी यह आंकड़ा सामने नहीं आया है कि कितने यूजर्स के डाटा पर सेंधमारी की गई है।