Twitter Hack: ओबामा, बिल गेट्स और एपल के अकाउंट हैक करने पर मिले 80 लाख रुपये

बुधवार को हुई एक हैकिंग ने ट्विटर की सिक्योरिटी की पोल खोल दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और आईफोन की निर्माता कंपनी एपल समेत दुनिया के कई बड़े कारोबारियों और नेताओं के ट्विटर अकाउंट बुधवार को हैक कर लिए गए। इसके बाद ट्विटर की सिक्योरिटी पर सवाल उठने लगे हैं। ट्विटर ने कहा है कि वह इस हैकिंग से हैरान है और बिना किसी नतीजे पर पहुंचे वह कोई बड़ा बयान नहीं दे सकता है।
इस हैकिंग के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है और लोगों को इस तरह की हैकिंग से बचने के टिप्स दिए हैं। पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि इसी तरह की हैकिंग से भारतीय हस्तियों को भी शिकार बनाया जा सकता है। साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया कंपनियों को इस तरह की किसी भी हरकत होने पर अलर्ट करने को कहा है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से कहा है कि वे आंख मूंदकर किसी भी पोस्ट पर भरोसा ना करें। साथ ही लोगों से फेक न्यूज को फैलने से रोकने की अपील की है। पुलिस ने अपील की है कि क्रिप्टोकरेंसी स्कैम से दूर रहें। साथ ही टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें और पासवर्ड मजबूत रखें। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर नजदीकी थाने में जाएं या फिर www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
हैकिंग के बाद हुए 373 ट्रांजेक्शन, खाते में गए 88,99,721 लाख रुपये

सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आखिर बिल गेट्स और बराक ओबामा जैसी हस्तियों के अकाउंट को हैक करने के पीछे का मकसद क्या था। आपको बता दें कि हैकर ने अकाउंट हैक करने के बाद इन हस्तियों के हैंडल से वर्चुअल करेंसी बिट्क्वाइन में डोनेशन का ट्वीट किया। देखा जाए तो यह मामला पूरी तरह से बिट्क्वाइन स्कैम से जुड़ा है। उदाहरण के तौर पर समझें तो बिल गेट्स के अकाउंट पर हैकर ने लिखा गया कि हर कोई मुझसे कह रहा है कि ये समाज को वापस देने का वक्त है, तो मैं कहना चाहता हूं कि अगले तीस मिनट में मुझे जो पेमेंट भेजी जाएगी, मैं उसका दोगुना लौटाऊंगा। आप 1000 डॉलर्स का बिट्क्वाइन भेजिए, मैं 2,000 डॉलर्स वापस भेजूंगा। अभी तक मौजूद जानकारी के मुताबिक इस हैकिंग के बाद हैकर ने 373 ट्रांजेक्शन किए हैं जिसके जरिए उसकी कमाई करीब BTC 12.86252562 यानी करीब 88,99,721 लाख रुपये यानी करीब 118,434 अमेरिकी डॉलर्स हुई है।
इस हैकिंग के बाद ट्विटर ने कहा है कि शुरुआती जांच से पता चला है कि हैकर ने हैकिंग के लिए एंप्लॉयी टूल्स कंट्रीब्यूटेड का इस्तेमाल किया है। इसके बाद हैकर की पहुंच ट्विटर के इंटरनल सिस्टम और टूल तक हो गई जिसके बाद हैकर ने इस हैकिंग को अंजाम दिया। ट्विटर ने कहा है कि वह अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रहा है, जिससे इस तरह की हैकिंग को अंजाम दिया जा सकता है, हालांकि ट्विटर ने अभी तक यह नहीं बताया कि हैकर ने एंप्लॉयी टूल का इस्तेमाल किस तरह से किया है।
- सावधान: सैनेटाइजर से बर्बाद हो रहे स्मार्टफोन, रिपेयरिंग सेंटर पर लगी भीड़
- Alibaba ग्रुप के भारतीय दफ्तरों में लग रहे ताले, केवल यूसी ब्राउजर के थे 13 करोड़ यूजर्स
- Vivo X50 Quick Review: पहली नजर में कैसा है यह फोन, सात फोटो सैंपल भी देखें
- Android फोन के ये हैं गुप्त फीचर्स, आपको शायद ही होगी इनकी जानकारी