Austria: ऑस्ट्रिया में 14 से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लग सकती है रोक, कंजर्वेटिव पार्टी का एलान

Jagriti
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीJagriti
Fri, 27 Mar 2026 06:30 PM IST
सार

Austria Social Media Ban for Kids 2026:

दुनिया भर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ऑस्ट्रिया की गठबंधन सरकार ने एक बड़ा एलान किया है। अब वहां भी 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग प्रतिबंधित होगा। सरकार का मानना है कि ये प्लेटफॉर्म बच्चों को न केवल बीमार बना रहे हैं, बल्कि उन्हें खतरनाक लत की ओर भी धकेल रहे हैं।

Social Media Ban: Austria Set Ban Apps Kids Under 14; New Digital Doorways Closing Youth Safety
ऑस्ट्रिया में सोशल मीडिया पर बैन लगाने की तैयारी - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    ऑस्ट्रिया सरकार 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने की तैयारी में है। उप-चांसलर एंड्रियास बाबलर ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य युवाओं को सोशल मीडिया की लत, हानिकारक कंटेंट और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से बचाना है। आपको बता दें कि ऑस्ट्रिया अब ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और स्पेन जैसे देशों की कतार में शामिल हो गया है जहां रहने वाले बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध लागू या प्रस्तावित हैं।

    लत और बीमारी के खिलाफ सरकार

    उप-चांसलर एंड्रियास बाबलर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार अब मूकदर्शक की तरह बच्चों को सोशल मीडिया की लत लगते या उन्हें मानसिक रूप से बीमार होते नहीं देख सकती। इस प्रतिबंध का प्राथमिक उद्देश्य बच्चों को अत्यधिक स्क्रीन टाइम और हानिकारक एल्गोरिदम से बचाना है।

    आयु सत्यापन

    इस प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए सरकार तकनीकी रूप से आधुनिक तरीके विकसित कर रही है। इसमें ऐसे सिस्टम शामिल होंगे जो यूजर्स की पहचान उजागर किए बिना उनकी सही उम्र का पता लगा सकेंगे। यह तकनीक निजता (Privacy) और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने का काम करेगी।

    वैश्विक स्तर पर बढ़ता बैन का ट्रेंड

    • ऑस्ट्रेलिया: 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पहले ही प्रतिबंध लगा चुका है।
    • फ्रांस: सितंबर से 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर बैन लागू करने जा रहा है।
    • इंडोनेशिया: शनिवार से इसी तरह का प्रतिबंध प्रभावी हो रहा है।
    • स्पेन और डेनमार्क: यहां भी 15-16 साल की आयु सीमा तय करने की योजना बना रहे हैं।

    केवल प्रतिबंध ही समाधान नहीं है, इसलिए ऑस्ट्रिया सरकार स्कूलों में मीडिया साक्षरता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सही उपयोग की शिक्षा को और मजबूत करेगी। इसका उद्देश्य बच्चों को तकनीक का गुलाम बनाने के बजाय उसका समझदार यूजर बनाना है।