हफ्ते भर भी नहीं टिक पाया मेटा का Muse Image AI टूल: लॉन्च के चौथे दिन ही हटाना पड़ा फीचर, क्यों आई यह नौबत?
Meta Muse Image:
मेटा ने इंस्टाग्राम पर लॉन्च के महज चार दिन बाद ही अपने नए Muse Image AI टूल को हटा दिया है, लेकिन आखिर लॉन्चिंग के तुरंत बाद ऐसी क्या नौबत आ गई कि मेटा को इतना बड़ा फैसला लेना पड़ा? जानिए प्राइवेसी, सुरक्षा और डिजिटल क्लोनिंग से जुड़े इस मामले के बारे में विस्तार से...

विस्तार
Instagram AI Feature:
मेटा ने आठ जुलाई 2026 को इंस्टाग्राम के लिए म्यूज इमेज नाम का एक एआई फीचर लॉन्च किया था। जिसका उद्देश्य क्रिएटिविटी को बढ़ावा देना था। इसकी मदद से कोई भी यूजर किसी पब्लिक इंस्टाग्राम अकाउंट का नाम लिखकर उसकी तस्वीरों से नई AI इमेज तैयार कर सकता था। इसके लिए यूजर को केवल प्रॉम्प्ट में उस अकाउंट का नाम यानी यूजरनेमलिखना होता था, और एआई उस प्रोफाइल की तस्वीरों के आधार पर एक बिल्कुल नया डिजिटल रूप तैयार कर देता था।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
फीचर लॉन्च होते ही सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई। यूजर्स का कहना था कि उनकी परमिशन के बिना तस्वीरों को एआई मॉडल में इस्तेमाल करना प्राइवेसी के खिलाफ है।कई लोगों ने आशंका जताई कि इस फीचर का इस्तेमाल करके किसी की फर्जी AI इमेज बनाई जा सकती है, जिससे पहचान के दुरुपयोग और डिजिटल धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है। यानी की इससे डीपफेक जैसे मामले भी बढ़ सकते हैं।
हॉलीवुड से भी उठा विरोध
इस फीचर से केवल आम यूजर्स को ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड के दिग्गजों को भी समस्या थी। मशहूर टैलेंट एजेंसी CAA, जो टॉम क्रूज और जेंडाया जैसे कलाकारों का प्रतिनिधित्व करती है, ने भी इस फीचर पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि किसी व्यक्ति की तस्वीरों का AI के लिए उपयोग उसकी स्पष्ट सहमति के बिना नहीं होना चाहिए।
Meta ने क्या कहा?
जब विवाद बढ़ने लगा, तो मेटा ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि म्यूज इमेज फीचर को बंद कर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस टूल का उद्देश्य यूजर्स को एक नया क्रिएटिव AI अनुभव देना था, लेकिन संभावित गलत इस्तेमाल और मिले फीडबैक को देखते हुए इसे हटाने का फैसला लिया गया।
क्या बदलाव हुआ है?
अब अगर कोई यूजर मेटा एआई में किसी इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करके AI इमेज बनाने की कोशिश करेगा, तो चैटबॉट ऐसा करने से इंकार कर देगा। इसके अलावा, प्राइवेट अकाउंट्स और 18 साल से कम उम्र के यूजर्स पहले से ही इस फीचर के दायरे से बाहर थे।