Meta Fined: मेटा पर लगा 48 करोड़ रुपये का जुर्माना, व्हाट्सएप डाटा प्रोटेक्शन उल्लंघन मामले में हुई कार्रवाई
Meta के इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लेटफॉर्म के लिए यूरोपीय संघ ने नियमों का उल्लंघन करने के लिए 390 मिलियन यूरो (लगभग 3,429 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया था। मेटा को नियमों का अनुपालन करने के लिए छह महीने का समय दिया गया है।

विस्तार
सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा (Meta) पर अपने इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप के साथ यूरोपीय संघ के डाटा सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई है। मेटा पर आयरलैंड के रेगुलेटर ने गुरुवार को अतिरिक्त 5.5 मिलियन यूरो (लगभग 47.8 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। बता दें कि दो हफ्ते पहले ही मेटा के इंस्टाग्राम और फेसबुक प्लेटफॉर्म के लिए यूरोपीय संघ ने इन्हीं नियमों का उल्लंघन करने के लिए 390 मिलियन यूरो (लगभग 3,429 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया था।
मेटा को अनुपालन के लिए मिला छह महीने का समय
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आयरिश डाटा प्रोटेक्शन कमीशन (डीपीसी) ने अपने नए फैसले में मेटा को पारदर्शिता के संबंध में अपने दायित्वों का उल्लंघन करते पाया है। इसके अलावा मेटा पर गलत कानूनी आधार पर और सर्विस के नाम पर लोगों के व्यक्तिगत डाटा का निजी इस्तेमाल करने का भी आरोप है। डीपीसी ने कहा, मेटा को अनुपालन करने के लिए छह महीने का समय दिया गया है।
बता दें कि मेटा पर यह जुर्माना आयरिश रेगुलेटर द्वारा लगाया गया है क्योंकि अन्य अमेरिकी टेक फर्मों के साथ मेटा का भी डबलिन में यूरोपीय मुख्यालय है। गुरुवार को अपने जवाब में मेटा ने कहा कि वह डीपीसी के फैसले का विरोध करता है और इसे पलटने की कोशिश करेगा।
जुर्माने पर मेटा क्या कहा?
व्हाट्सएप के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम जो भी सर्विस देते हैं उसमें तकनीकी और कानूनी दोनों तरह से नियमों का अनुपालन किया जाता है। हम फैसले से असहमत हैं और हम आगे इसकी अपील करेंगे।" बता दें कि मेटा पर उसी नियम के तहत कार्रवाई की गई है, जिनको लेकर रेगुलेशन ने मेटा पर उल्लंघन के आरोप लगाए थे।
यूरोपीय संघ के निशाने पर है मेटा
यूरोपीय संघ ने हाल ही में सोशल मीडिया कंपनी मेटा पर प्रतिस्पर्धा नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। यूरोपीय संघ का कहना है कि मेटा ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक का परिचालन करने के लिए अपनी प्रमुख स्थिति का दुरुपयोग करके ऑनलाइन वर्गीकृत विज्ञापन कारोबार में प्रतिस्पर्धा-रोधी नियमों का उल्लंघन किया है।
यूरोप के 27 देशों के संगठन यूरोपीय संघ (ईयू) के कार्यकारी निकाय यूरोपीय आयोग ने कहा था उसने ऑनलाइन वर्गीकृत विज्ञापन कारोबार फेसबुक मार्केटप्लेस (Facebook Marketplace) को फेसबुक के साथ संबद्ध करने की कोशिश का मामला प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा के समक्ष उठाया है।