साल 2021 की सबसे खराब कंपनी बनी Meta, याहू फाइनेंस के सर्वे ने जारी की लिस्ट
साल 2021 में कई कंपनियों की परफॉर्मेंस खराब रही, लेकिन फेसबुक की परफॉर्मेंस इतनी खराब रही कि उसे अपना नाम तक बदलना पड़ा। डाटा प्राइवेसी को लेकर फेसबुक की बड़ी फजीहत हुई है।

विस्तार
मेटा (फेसबुक) साल 2021 की सबसे बेकार कंपनी बनी है। याहू फाइनेंस ने हर साल की तरह इस साल भी दुनिया की अच्छी और बेकार कंपनियों की लिस्ट जारी की है जिसके मुताबिक Microsoft, 2 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया की बेस्ट कंपनी है, वहीं फेसबुक को इस 2021 की सबसे बेकार कंपनी बताया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2021 में कई कंपनियों की परफॉर्मेंस खराब रही, लेकिन फेसबुक की परफॉर्मेंस इतनी खराब रही कि उसे अपना नाम तक बदलना पड़ा। डाटा प्राइवेसी को लेकर फेसबुक की बड़ी फजीहत हुई है। इसकी वजह से कंपनी की रेटिंग भी खराब हुई है। सबसे खराब कंपनी के रूप में फेसबुक को 50 फीसदी अधिक वोट मिले हैं। यह सर्वे याहू फाइनेंस की मदद से सर्वे मंकी पर किया गया है। 4-5 दिसंबर 2021 को इस सर्वे में याहू फाइनेंस के होमपेज पर 1,541 लोगों ने अपने वोट दिए।
क्यों दुनिया की सबसे खराब कंपनी बनी फेसबुक?
फेसबुक लंबे समय से एंटीट्रस्ट रेगुलेटरी अथॉरिटी की नजर है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि प्रत्येक कुठ महीने पर फेसबुक का नाम किसी डाटा लीक में आ जाता है। फेसबुक पर यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर कई देशों में कई मुकदमे चल रहे हैं। फेसबुक पर गलत सूचना को बढ़ावा देने का भी आरोप है।
इंस्टाग्राम को लेकर भी फेसबुक के खिलाफ कई शिकायतें की गई हैं। सर्वे में शामिल 30% लोगों का मानना है कि डाटा लीक को लेकर फेसबुक जुर्माना देकर बच सकता है, वहीं अन्य लोगों का कहना है कि फेसबुक सबकुछ बहुत अच्छी तरह से समझता है और आगे के प्रभावों से बचने के लिए खुद को रीब्रांड करता है।